February 20, 2026 04:29:56 am

आधुनिक तकनीक से वनाग्नि पर लगेगा लगाम: कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में उच्चस्तरीय बैठक सम्पन्न

Loading

आधुनिक तकनीक से वनाग्नि पर लगेगा लगाम: कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में उच्चस्तरीय बैठक सम्पन्न

tahalka1news
रिपोर्ट-सलीम अहमद(रामनगर)

रामनगर। दिनांक 20 फरवरी 2026 को प्रातः 11:00 बजे कार्यालय निदेशक, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के सभागार में वनाग्नि की रोकथाम में आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य वन्यजीव संरक्षण एवं वन अग्नि प्रबंधन को तकनीकी रूप से सशक्त बनाते हुए वनाग्नि की घटनाओं में कमी लाना तथा त्वरित सूचना प्रणाली को और अधिक मजबूत करना रहा।
बैठक में जानकारी दी गई कि World Wide Fund for Nature – India (WWF-India) द्वारा एक अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर डैशबोर्ड विकसित किया जा रहा है। इस डैशबोर्ड के माध्यम से वनाग्नि की निगरानी, विश्लेषण और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। इसके उपयोग से वनाग्नि संबंधी सटीक एवं समयबद्ध अलर्ट प्राप्त होंगे, जिससे घटनाओं पर शीघ्र नियंत्रण संभव हो सकेगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डॉ. साकेत बडोला (IFS), फील्ड डायरेक्टर, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व ने वनाग्नि प्रबंधन की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि एक नवीन सैटेलाइट निर्माणाधीन है, जो केवल भारत के ऊपर परिक्रमा करेगा। इस प्रणाली के लागू होने के बाद प्रत्येक एक घंटे में सटीक वनाग्नि अलर्ट प्राप्त किया जा सकेगा, जिससे त्वरित कार्यवाही और बेहतर नियंत्रण सुनिश्चित होगा।
बैठक के दौरान फील्ड स्तर पर कार्यरत कर्मियों को वनाग्नि के समय आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों से अवगत कराया गया। वहीं फील्ड कर्मियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए जमीनी स्तर की समस्याओं पर प्रकाश डाला। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली और बेहतर समन्वय के माध्यम से इन चुनौतियों का समाधान किया जाएगा।
अंत में यह विश्वास व्यक्त किया गया कि आधुनिक तकनीक, सुदृढ़ मॉनिटरिंग सिस्टम और विभागीय समन्वय के संयुक्त प्रयासों से वनाग्नि की घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकेगी तथा वन एवं वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकेगी।
बैठक में डॉ. साकेत बडोला (IFS), फील्ड डायरेक्टर; श्री राहुल मिश्रा (IFS), उप निदेशक; श्री प्रकाश चंद्र आर्या (IFS), प्रभागीय वनाधिकारी, तराई पश्चिमी वन प्रभाग; श्री ध्रुव मर्तोलिया (IFS), प्रभागीय वनाधिकारी, रामनगर वन प्रभाग; श्री बिंदर पाल, पार्क वार्डन; श्री संदीप गिरी, उप प्रभागीय वनाधिकारी, तराई पश्चिमी वन प्रभाग; श्री अंकित बडोला, उप प्रभागीय वनाधिकारी, रामनगर वन प्रभाग; डॉ. रेंद्रा, डॉ. अनिल, डॉ. मिराज, श्री विभौर वर्मा, श्री कृष्णा राज (WWF-India प्रतिनिधि); श्री संजय पांडे, वन क्षेत्राधिकारी, सरपदुली तथा श्री नवीन चंद्र पांडे, वन क्षेत्राधिकारी, बिजरानी सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रमुख खबरे