हरेला पर्व पर रुड़की ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में फलदार पौधे रोपित,पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

हरेला पर्व पर रुड़की ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में फलदार पौधे रोपित,पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
tahalka1news
रुड़की । सावन के पावन अवसर पर उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति का प्रतीक हरेला पर्व नगर व देहात क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष दिन पर ब्लॉक रुड़की अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों, ग्राम विकास अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने मिलकर विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर फलदार वृक्षों का रोपण किया।
ग्राम पंचायत किशनपुर जमालपुर में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोहम्मद तहसीन और ग्राम विकास अधिकारी विपिन पाटनी ने ग्रामीणों के साथ मिलकर स्वास्थ्य केंद्र परिसर सहित ग्राम के अन्य प्रमुख स्थलों पर सामूहिक पौधारोपण किया। उन्होंने ग्रामवासियों से पर्यावरण संरक्षण हेतु अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया।
इसी क्रम में ग्राम नन्हेड़ा अनंतपुर के ग्राम प्रधान अकरम जावेद ने भी आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पौधे रोपकर पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। आसपास की अन्य ग्राम पंचायतों में भी हरेला पर्व के उपलक्ष्य में पौधारोपण कर लोगों को हरियाली बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा ग्राम खजुरी में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। ट्रस्ट के सदस्यों ने श्री बाला सुंदरी मंदिर परिसर एवं सड़क किनारे अमरूद, पीपल, बेलपत्र और सागौन जैसे पौधे रोपकर उन्हें संरक्षित करने का संकल्प लिया।
ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष विकास त्यागी ने कहा कि
हमारी सनातन संस्कृति में सावन माह का विशेष महत्व है। यह महीना न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य के लिए भी अद्वितीय है। हरेला पर्व के माध्यम से हम प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करते हैं और वृक्षारोपण जैसे सत्कर्मों से अपनी भावी पीढ़ी के लिए एक सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करते हैं।
हरेला पर्व पर आयोजित यह वृक्षारोपण अभियान न केवल पर्यावरण जागरूकता का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकजुटता और प्रकृति प्रेम की सुंदर मिसाल भी प्रस्तुत की।