February 28, 2026 04:21:23 am

उमेश कुमार–प्रणव सिंह विवाद पर 36 बिरादरी एकजुट, कहा – “टकराव नहीं, शांति चाहिए”

Loading

उमेश कुमार–प्रणव सिंह विवाद पर 36 बिरादरी एकजुट, कहा – “टकराव नहीं, शांति चाहिए”

tahalka1news

रुड़की। खानपुर विधानसभा इन दिनों प्रदेश की राजनीति का केंद्र बनी हुई है। इसकी मुख्य वजह वर्तमान विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन के बीच चल रहा तीखा विवाद है। दोनों नेताओं के बीच सोशल मीडिया पर जुबानी जंग लगातार तेज होती जा रही है, जिसमें एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
इस विवाद में विधायक उमेश कुमार की पत्नी सोनिया शर्मा भी खुलकर सामने आईं और उन्होंने भी प्रणव सिंह चैंपियन पर तीखी प्रतिक्रिया दी। वहीं, प्रणव सिंह चैंपियन द्वारा सोशल मीडिया पर दिए गए बयानों में कांग्रेस और भाजपा के कई बड़े नेताओं को भी घसीटने का प्रयास किया गया, जिससे दोनों प्रमुख दलों के नेताओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा।
इसी बीच प्रणव सिंह चैंपियन के समर्थन में गुर्जर समाज के कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर “36 बिरादरी का मेला” लगाने जैसी चेतावनी दी गई। हालांकि हालात को बिगड़ता देख सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने आगे आकर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
दिल्ली रोड स्थित सेंट्रल होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में सर्वसमाज के 36 बिरादरी के लोगों ने दोनों नेताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि क्षेत्र में शांति का माहौल बनाए रखा जाए और किसी भी प्रकार का टकराव न हो। उन्होंने कहा कि हार-जीत लोकतंत्र का हिस्सा है—जो जीत गया है वह क्षेत्र के विकास पर ध्यान दे और जो हार गया है वह आगामी चुनाव की तैयारी में जुटे।
सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने चिंता जताई कि जुबानी जंग के कारण क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बन रहा है। सोशल मीडिया से लेकर धरातल तक संभावित टकराव की चर्चाएं चल रही हैं, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए ठीक नहीं हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि वे किसी भी बड़े टकराव के पक्ष में नहीं हैं और राजनीति विकास केंद्रित होनी चाहिए, न कि व्यक्तिगत आरोपों पर आधारित।
सर्वसमाज के लोगों ने यह भी अपील की कि बाहरी लोग इन नेताओं के व्यक्तिगत बयानों पर प्रतिक्रिया देकर क्षेत्र का माहौल खराब न करें। साथ ही शासन-प्रशासन से मांग की गई कि ऐसे बाहरी तत्वों को चिन्हित किया जाए जो उत्तराखंड और खानपुर विधानसभा का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर सरदार हरवेंदर, राजबीर माथाना, चौधरी विनोद प्रधान, महेंद्र चौहान, तबरेज प्रधान, नीटू कश्यप, राव इमरान, राजू सैनी रायसी, सोनवीर प्रधान, समी एडवोकेट, सोनू राठी, अरशद चेयरमैन, ओसी कुमार, रवि चौधरी, रवि कश्यप, अंकित बाल्मीकि, याकूब खान (सभासद), प्रधान सुखदेव सिंह, राव उमर, मिन्नू मलिक (पूर्व सभासद), मुर्सलीन, शाहनजर खान, मोहम्मद इस्लाम, मोहित अशोक नगर, जावेद प्रधान जौरासी, सनम प्रधान, मुसर्रत अली, तेज सिंह राणा, देवराज गुर्जर, रजत गुर्जर, अजीत ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सर्वसमाज की इस पहल को क्षेत्र में शांति और सद्भाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि दोनों प्रमुख नेता इस अपील को कितना महत्व देते हैं और राजनीति को विकास की दिशा में आगे बढ़ाते हैं।

प्रमुख खबरे