July 14, 2026 02:30:57 am

ऑपरेशन प्रहार के तहत रामनगर पुलिस की बड़ी सफलता, 7.34 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार

Loading

ऑपरेशन प्रहार के तहत रामनगर पुलिस की बड़ी सफलता, 7.34 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार

SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी के दिशा निर्देश पर पुलिस द्वारा लगातार हो रही हैं बड़ी कार्रवाई

tahalka1news
रिपोर्ट-सलीम अहमद रामनगर

रामनगर। नैनीताल पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत अवैध नशे के कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत रामनगर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए 7.34 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में पुलिस टीम शिवलालपुर तिराहा से आगे हिल टाउन होटल, काशीपुर-रामनगर रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी काशीपुर की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल (UK06V-2398) पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर घबरा गए और बचने के प्रयास में बाइक को सड़क से नीचे कच्चे रास्ते पर उतार दिया। जल्दबाजी में मोटरसाइकिल फिसल गई और दोनों युवक गिर पड़े। पुलिस ने मौके पर दोनों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के वाइजर में छिपाकर रखी गई एक काले रंग की पन्नी बरामद हुई। पन्नी के भीतर रखे भूरे रंग के पदार्थ की जांच करने पर वह 7.34 ग्राम अवैध स्मैक निकली। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे स्मैक काशीपुर से खरीदकर रामनगर ला रहे थे, जिसमें से कुछ हिस्सा स्वयं सेवन करते थे और बाकी को अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाते थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली रामनगर में मुकदमा अपराध संख्या 213/2026 के तहत धारा 8/21/27/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच शुरू कर दी गई है कि आरोपियों को स्मैक उपलब्ध कराने वाला सप्लायर कौन है तथा इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विजय नेगी (22 वर्ष), पुत्र कमल सिंह, निवासी धोबीघाट, गुल्लरघट्टी, रामनगर, जनपद नैनीताल तथा मोहम्मद आलम (25 वर्ष), पुत्र इश्क अहमद, निवासी कदीमा मस्जिद के पास, रामनगर, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है।

इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार, उपनिरीक्षक ललित पांडे, हेड कांस्टेबल गगन भंडारी, कांस्टेबल अमित कुमार तथा कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जनपद में नशा तस्करों, अपराधियों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।

प्रमुख खबरे