July 5, 2026 11:25:27 pm

बड़ा कार्रवाई:रामनगर रिसॉर्ट में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़,51 गिरफ्तार

Loading

बड़ा कार्रवाई:रामनगर रिसॉर्ट में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़,51 गिरफ्तार

देह व्यापार के अड्डे पर छापे में नेपाल,पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की 10 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू,बिना लाइसेंस बार भी पकड़ा गया,मैनेजर फरार,स्टाफ की मिलीभगत उजागर

tahalka1news
रिपोर्ट-सलीम अहमद रामनगर

रामनगर। नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिले की पुलिस ने अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रामनगर स्थित एक रिसॉर्ट में लंबे समय से संचालित किए जा रहे कथित देह व्यापार के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। एसएसपी की सटीक रणनीति और गोपनीय सूचना के आधार पर एसओजी तथा पुलिस लाइन फोर्स ने संयुक्त रूप से देर रात रिसॉर्ट पर छापेमारी की, जहां से बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिया गया।

पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान रिसॉर्ट में अवैध रूप से देह व्यापार संचालित होता मिला। कार्रवाई में 51 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत संरक्षण में लिया गया। इसके अलावा नेपाल,पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की 10 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर आवश्यक संरक्षण और सहायता उपलब्ध कराई गई।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि रिसॉर्ट परिसर में बिना वैध लाइसेंस के बार संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब, नकदी तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जांच में रिसॉर्ट के कुछ कर्मचारियों की कथित संलिप्तता भी सामने आई है। वहीं, रिसॉर्ट का मैनेजर छापेमारी के दौरान फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, मानव तस्करी, देह व्यापार या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अपराधों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रख रही है और भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई के बाद रामनगर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि ऐसे अवैध कारोबार पर आगे भी प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी इस प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

पुलिस टीम में

1. अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार
2. उ0नि0 सुनीता कुँवर प्रभारी ए०एन०टी०यू०
3. म०कानि० अनीता फुलेरिया, कोतवाली-हल्द्वानी।
4. उ0नि0 मोहन सिंह सौन प्रभारी SOGI
5. Ssi दीपक बिष्ट रामनगरा
6. Asi प्रेम बल्लभ जोशी।
7. हेड कानि० त्रिलोक सिंह SOGI
8. है०का० नवीन पांडेय, रामनगर।
9. कानिए कुन्दन कठैत, SOGI
10. कानि० भुपेन्द्र ज्येष्ठा, SOGI
11. कानि० अशोक रावत, SOGI
12. कानि० अरविन्द, SOGI
13. कानि० भानू प्रताप सिंह SOG
14. का0 जसवीर, रामनगरा

प्रमुख खबरे