June 25, 2026 10:14:04 pm

कॉर्बेट फन रिजॉर्ट में हंगामा करने वालों पर रामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो मुकदमे दर्ज,गिरफ्तार

Loading

कॉर्बेट फन रिजॉर्ट में हंगामा करने वालों पर रामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो मुकदमे दर्ज,गिरफ्तार

महिला उपनिरीक्षक से अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में कार्रवाई

tahalka1news
रिपोर्ट-सलीम अहमद रामनगर

रामनगर। कॉर्बेट फन रिजॉर्ट, टेढ़ा गांव में हंगामा, मारपीट और पुलिस के साथ अभद्रता करने के मामले में रामनगर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली रामनगर को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि टेढ़ा गांव स्थित कॉर्बेट फन रिजॉर्ट में कुछ युवक एक अतिथि के साथ मारपीट कर रहे हैं और वहां माहौल खराब कर रहे हैं। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक राजकुमारी, अपर उपनिरीक्षक दिगंबर कापड़ी, महिला कांस्टेबल रेशू, कांस्टेबल जसवीर तथा अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने देखा कि दो युवक और एक युवती वहां जमकर हंगामा कर रहे थे। पुलिस द्वारा समझाने के बावजूद वे शांत नहीं हुए और लगातार शोर-शराबा करते रहे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस तीनों को थाने ले आई।

इस मामले में शिकायतकर्ता मुकेश जोशी पुत्र देवी दत्त जोशी निवासी रानीबाग, नैनीताल ने थाना रामनगर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि अविनाश पुत्र इंदर सिंह निवासी सेक्टर-22, चंडीगढ़, कोमल शर्मा पुत्री दीपक शर्मा निवासी दिलशाद एक्सटेंशन, साहिबाबाद गाजियाबाद तथा शमशाद पुत्र खलील अहमद निवासी स्टेशन रोड, भवानीगंज रामनगर ने उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर संख्या 199/26 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

इसके अलावा मौके पर पहुंची उपनिरीक्षक राजकुमारी ने भी अलग से तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त तीनों आरोपियों ने पुलिस कर्मियों के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया कि आरोपी कोमल शर्मा द्वारा होटल मैनेजर के साथ मारपीट की जा रही थी, जिसे रोकने के दौरान अविनाश ने महिला उपनिरीक्षक के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए आपराधिक हमला किया और उनके साथ अनुचित हरकत करने का प्रयास किया।

महिला उपनिरीक्षक की शिकायत पर थाना रामनगर में एफआईआर संख्या 200/26 दर्ज की गई, जिसमें महिला की गरिमा भंग करने, मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने और अन्य संबंधित धाराओं को शामिल किया गया है।

रामनगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी अविनाश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता एक बार फिर सामने आई है। स्थानीय लोगों ने भी सार्वजनिक स्थलों पर उपद्रव करने वालों के खिलाफ की गई कार्रवाई का स्वागत किया है।

प्रमुख खबरे