June 23, 2026 09:11:44 pm

कोसी नदी में डूबने से 22 वर्षीय रिसोर्ट कर्मी की मौत, एक माह में चौथा हादसा, परिवार में मचा कोहराम

Loading

कोसी नदी में डूबने से 22 वर्षीय रिसोर्ट कर्मी की मौत, एक माह में चौथा हादसा, परिवार में मचा कोहराम

ढिकुली में नहाते समय गहराई में समाया युवक, पुलिस ने निकाला शव, कोसी नदी फिर बनी जानलेवा

tahalka1news
रिपोर्ट-सलीम अहमद रामनगर

रामनगर। नैनीताल जनपद के ढिकुली क्षेत्र स्थित कोसी नदी में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अजय शर्मा पुत्र बची राम निवासी ग्राम कनार, रानीखेत, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है। अजय ढिकुली स्थित बेला मुंडे रिजॉर्ट में कार्यरत था। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अजय शर्मा अपने एक मित्र के साथ कोसी नदी में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि नहाते समय वह अचानक नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गया। गहराई अधिक होने के कारण वह पानी के तेज बहाव और गहरे कुंड से बाहर नहीं निकल सका। युवक को डूबता देख उसके साथी और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से नदी में खोजबीन शुरू की गई। काफी प्रयासों के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

अजय शर्मा की असमय मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में मातम छा गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं रिसोर्ट कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

गौरतलब है कि कोसी नदी में पिछले एक माह के भीतर डूबने से मौत का यह चौथा मामला सामने आया है। लगातार हो रहे हादसों ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हर वर्ष गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय युवक नदी में नहाने पहुंचते हैं, लेकिन कई स्थानों पर नदी के भीतर गहरे कुंड और अचानक बढ़ती गहराई लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नदी के संवेदनशील और खतरनाक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने, सुरक्षा बैरिकेडिंग करने तथा निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

एक बार फिर कोसी नदी में हुई इस दुखद घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कब तक लोग नदी में नहाने के दौरान अपनी जान गंवाते रहेंगे और इन हादसों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे, यह आने वाला समय ही बताएगा।

प्रमुख खबरे