June 21, 2026 01:50:33 am

कलियर पुलिस का सख्त एक्शन: नाबालिग बच्चों को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने वाले मेघराज व महावीर गिरफ्तार,भेजे जेल

Loading

कलियर पुलिस का सख्त एक्शन: नाबालिग बच्चों को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने वाले मेघराज व महावीर गिरफ्तार,भेजे जेल

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का कलियर पुलिस ने लिया था संज्ञान, बच्चों के साथ क्रूरता करने वालों पर जेजे एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई

tahalka1news

कलियर । कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने नाबालिग बच्चों के साथ क्रूरता, मारपीट और धमकी देने के मामले में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच की, जिसमें चार नाबालिग बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार और मारपीट की पुष्टि हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम दरियापुर में चार नाबालिग बच्चों पर कोल्ड ड्रिंक चोरी का आरोप लगाते हुए मेघराज और महावीर पुत्रगण रामप्रसाद निवासी ग्राम दरियापुर, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार ने बच्चों को कथित रूप से बंधक बनाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं, बच्चों को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। वायरल वीडियो की तस्दीक और जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना पिरान कलियर में मु0अ0सं0-130/2026 के तहत धारा 115(2), 126(2), 127, 352, 351(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा धारा 75 किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम 2015 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों मेघराज और महावीर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा, क्रूरता अथवा कानून को हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती। यदि किसी पर चोरी या अन्य अपराध का संदेह भी हो तो उसकी सूचना पुलिस को दी जानी चाहिए, न कि स्वयं कानून हाथ में लेकर नाबालिगों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जाए।

इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी कलियर पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में श्री द्विव्येश उपाध्याय, प्रशिक्षु क्षेत्राधिकारी एवं प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली पिरान कलियर,उपनिरीक्षक शहजाद अली, कोतवाली पिरान कलियर,हेड कांस्टेबल आनन्द सिंह, कोतवाली पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार आदि सामिल रहे।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के खिलाफ हिंसा और क्रूरता से जुड़े मामलों में भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

प्रमुख खबरे