July 16, 2026 03:44:10 am

भारत विकास परिषद ने बीडी इंटर कॉलेज में जगाई देशभक्ति की अलख, एकल गायन प्रतियोगिता

Loading

भारत विकास परिषद ने बीडी इंटर कॉलेज में जगाई देशभक्ति की अलख, एकल गायन प्रतियोगिता

भगवानपुर में भारत विकास परिषद का संस्कारमय आयोजन,40 से अधिक फलदार पौधे लगाए

tahalka1news

भगवानपुर। भारत विकास परिषद की मां चूड़ामणि शाखा, भगवानपुर द्वारा बुधवार 15 जुलाई 2026 को बीडी इंटर कॉलेज, भगवानपुर में संस्कार गतिविधि के अंतर्गत देशभक्ति एकल गायन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों का विकास करना था। देशभक्ति के गीतों से विद्यालय परिसर पूरे समय राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत रहा। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर भारत विकास परिषद के महासचिव संजय गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि संस्कार केवल एक शब्द नहीं, बल्कि जीवन को श्रेष्ठ बनाने वाले विचार, आचरण, सद्व्यवहार, मूल्य और आदर्श हैं। यही संस्कार व्यक्ति के व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं और उसे समाज तथा राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा मनुष्य को जीविका कमाने योग्य बनाती है, जबकि संस्कार उसे सही अर्थों में जीवन जीना सिखाते हैं। इसलिए शिक्षा और संस्कार का समन्वय ही व्यक्ति के जीवन को सफल, सार्थक और आदर्श बनाता है।

शाखा अध्यक्ष पुष्पराज सिंह चौहान ने कहा कि संस्कार व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी हैं। यही संस्कार उसे परिवार का आदर्श सदस्य, समाज का प्रेरणास्रोत और राष्ट्र का सच्चा नागरिक बनाते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों में बचपन से ही नैतिक मूल्यों और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

मीडिया प्रभारी संजय पाल ने कहा कि समाज में अनेक संस्थाएं सेवा कार्य करती हैं, लेकिन भारत विकास परिषद की विशेषता यह है कि वह सेवा के साथ-साथ संस्कारों के संवर्धन को भी समान महत्व देती है। परिषद भारतीय संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है और ऐसे आयोजन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास हैं।

देशभक्ति एकल गायन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन श्रीमती शालिनी मनी, श्रीमती आरती त्यागी एवं श्रीमती चारु ने निर्णायक मंडल के रूप में किया। प्रतियोगिता में कु. इल्मा ने प्रथम, कु. सना ने द्वितीय तथा कु. मंतशा ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी गायन प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विजेताओं को परिषद की ओर से सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण पर्यावरण संरक्षण का संदेश रहा। भारत विकास परिषद की ओर से विद्यालय परिसर में आम, अमरूद, नींबू और पपीता सहित 40 से अधिक फलदार पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की देखभाल का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर अमरीश चौहान, धनंजय चौहान, निखिल अग्रवाल, सुधीर सैनी, ओम सिंह, अनूप घनशाला, नेत्रपाल, सैयद त्यागी, विजय त्यागी, रजत बहुखंडी, श्रीमती ललिता, श्रीमती पारुल शर्मा, श्रीमती अर्चना पाल, हर्षित शर्मा, बृजमोहन, रोहित कुमार, अशोक कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सरल, सहज, सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन श्रीमती कल्पना सैनी ने किया। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों, शिक्षकों और परिषद पदाधिकारियों का उत्साह देखने योग्य रहा तथा कार्यक्रम ने सभी के मन में राष्ट्रभक्ति, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश छोड़ा।

प्रमुख खबरे