June 18, 2026 11:39:53 pm

उत्तराखण्ड के 408 हज यात्री सकुशल लौटे वतन, हज समिति अध्यक्ष खतीब अहमद ने किया भव्य स्वागत

Loading

उत्तराखण्ड के 408 हज यात्री सकुशल लौटे वतन, हज समिति अध्यक्ष खतीब अहमद ने किया भव्य स्वागत

मक्का-मदीना में मिली बेहतरीन सुविधाओं से खुश दिखे हज यात्री, किरेन रिजिजू, पुष्कर धामी और खजान दास का जताया आभार

tahalka1news

नई दिल्ली/कलियर। उत्तराखण्ड प्रदेश के हज यात्रियों की वतन वापसी का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में दिनांक 17 जून 2026 को सऊदी अरब से लौटे उत्तराखण्ड के कुल 408 हज यात्रियों का इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, टर्मिनल-3 नई दिल्ली में गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर उत्तराखण्ड राज्य हज समिति के अध्यक्ष खतीब अहमद स्वयं एयरपोर्ट पहुंचे और हज यात्रियों को फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली फ्लाइट संख्या SV5710 प्रातः 05:25 बजे नई दिल्ली पहुंची, जिसमें उत्तराखण्ड के 305 हज यात्री सवार थे। वहीं दूसरी फ्लाइट संख्या SV5814 शाम 06:25 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरी, जिसमें प्रदेश के 103 हज यात्री शामिल थे। दोनों फ्लाइटों के यात्रियों के स्वागत के लिए उत्तराखण्ड राज्य हज समिति की ओर से विशेष व्यवस्था की गई थी।

स्वागत समारोह के दौरान हज समिति अध्यक्ष खतीब अहमद ने यात्रियों से मुलाकात कर उनके हज सफर के अनुभवों की जानकारी ली तथा मक्का और मदीना में उपलब्ध कराई गई सुविधाओं के बारे में फीडबैक प्राप्त किया। हज यात्रियों ने बताया कि इस वर्ष हज यात्रा के दौरान उन्हें आवास, परिवहन, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में उत्कृष्ट सुविधाएं प्राप्त हुईं, जिससे उनका धार्मिक सफर बेहद सुगम और यादगार रहा।

हज यात्रियों ने भारत सरकार एवं उत्तराखण्ड सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री श्री किरेन रिजिजू, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी तथा कैबिनेट मंत्री अल्पसंख्यक कल्याण श्री खजान दास का विशेष रूप से धन्यवाद व्यक्त किया। यात्रियों ने कहा कि सरकार की बेहतर योजना और समन्वय के कारण उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

इसके अलावा हज यात्रियों ने उत्तराखण्ड राज्य हज समिति के अध्यक्ष खतीब अहमद की भी मुक्त कंठ से प्रशंसा की। यात्रियों ने बताया कि हज यात्रा की शुरुआत से लेकर वतन वापसी तक खतीब अहमद लगातार उनके संपर्क में रहे और हर स्तर पर सहयोग प्रदान करते रहे। किसी भी समस्या या आवश्यकता के समय हज समिति द्वारा तत्काल सहायता उपलब्ध कराई गई, जिससे यात्रियों को मानसिक संतुष्टि और सुरक्षा का अनुभव हुआ।

इस अवसर पर उत्तराखण्ड राज्य हज समिति के हज अधिकारी मोहम्मद अहसान तथा कार्यालय स्टाफ अब्दुल कादिर भी उपस्थित रहे। उन्होंने हज यात्रियों के स्वागत एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उत्तराखण्ड राज्य हज समिति द्वारा किए गए स्वागत कार्यक्रम के दौरान यात्रियों और उनके परिजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला। लंबे धार्मिक सफर के बाद अपने वतन लौटे हज यात्रियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। समिति के पदाधिकारियों ने सभी यात्रियों को सकुशल वापसी की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।

हज यात्रियों की सुरक्षित और सफल वापसी पर उत्तराखण्ड राज्य हज समिति ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी यात्रियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।

प्रमुख खबरे