June 17, 2026 11:16:09 pm

“ऑपरेशन प्रहार” के तहत कलियर पुलिस का शिकंजा, सट्टा खाईबाड़ी करते शमशेर गिरफ्तार, 1820 रुपये नकद बरामद

Loading

“ऑपरेशन प्रहार” के तहत कलियर पुलिस का शिकंजा, सट्टा खाईबाड़ी करते शमशेर गिरफ्तार, 1820 रुपये नकद बरामद

दरगाह क्षेत्र में सट्टा कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई शुरू, मुख्य गेट के सामने टिन शेड में चल रहे बड़े अड्डों पर भी उठे सवाल,कब होगी पुलिस की कार्रवाई

दूसरे राज्यों से कुछ असामाजिक तत्व बड़े स्तर से कर कलियर में खाईबाड़ी का काम

tahalka1news

कलियर। उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत पिरान कलियर पुलिस लगातार अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कलियर पुलिस ने सट्टे की खाईबाड़ी करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सट्टा संबंधी उपकरण एवं नकदी बरामद की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशों के अनुपालन में पिरान कलियर पुलिस द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और अवैध कारोबारों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। दिनांक 16 जून 2026 को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध रूप से सट्टे की खाईबाड़ी करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सट्टा डायरी, पेन, सट्टा पर्चियां तथा 1820 रुपये नकद बरामद हुए।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शमशेर पुत्र रमजानी निवासी वार्ड नंबर-01, इमाम साहब रोड, पिरान कलियर, जिला हरिद्वार, उम्र 36 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध सार्वजनिक जुआ अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में कांस्टेबल 833 प्रकाश मनराल तथा होमगार्ड 4037 राजेन्द्र सिंह शामिल रहे, जिनकी तत्परता से अवैध सट्टा कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकी।

हालांकि सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों के बीच अब यह चर्चा भी तेज हो गई है कि दरगाह हजरत साबिर पाक के मुख्य गेट के सामने स्थित टीन शेड क्षेत्र में भी लंबे समय से कथित रूप से बड़े स्तर पर सट्टा खाईबाड़ी का कारोबार संचालित हो रहा है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि वहां बाकायदा तख्त और काउंटर लगाकर खुलेआम सट्टा खिलाया जाता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।

स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि पुलिस द्वारा ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है तो ऐसे चर्चित स्थानों की भी गहन जांच होनी चाहिए, जिससे धार्मिक नगरी पिरान कलियर की छवि को प्रभावित करने वाले तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कलियर पुलिस दरगाह क्षेत्र के संचालित होने वाले कथित बड़े सट्टा अड्डों पर भी कार्रवाई करती है या नहीं। यदि शिकायतों में सच्चाई पाई जाती है तो आने वाले दिनों में ऑपरेशन प्रहार के तहत और बड़ी कार्रवाई देखने को मिल सकती है।

प्रमुख खबरे