June 17, 2026 12:38:45 am

नशीले इंजेक्शनों सहित नशा तस्कर राव रिहान गिरफ्तार, 50 इंजेक्शन बरामद

Loading

नशीले इंजेक्शनों सहित नशा तस्कर राव रिहान गिरफ्तार, 50 इंजेक्शन बरामद

डी-फार्मा छात्र से बना नशे का सौदागर! मेडिकल स्टोर की आड़ में चला रहा था इंजेक्शन का अवैध कारोबार

tahalka1news

हरिद्वार। उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार 2026” अभियान के तहत बहादराबाद पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 50 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बहादराबाद के नेतृत्व में जनपद में अवैध शराब, मादक पदार्थों, नशे के कारोबार, जुआ एवं सट्टे के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गठित पुलिस टीम ने दिनांक 16 जून 2026 को गश्त एवं चेकिंग के दौरान नहर पटरी से ज्वालापुर जाने वाले मार्ग पर स्थित हैंडपंप के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 50 नशीले इंजेक्शन “BUPRENORPHINE INJECTION IP LEGESIC” बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राव रिहान पुत्र अहसान निवासी बढ़ेड़ी राजपूतान, कोतवाली बहादराबाद, जनपद हरिद्वार बताया।

पुलिस पूछताछ में राव रिहान ने बताया कि वह डी-फार्मा का छात्र रह चुका है तथा उसका मेडिकल स्टोर भी है। दवाइयों की अच्छी जानकारी होने के कारण उसने लालच में आकर नशीले इंजेक्शनों का कारोबार शुरू कर दिया। आरोपी ने बताया कि सिडकुल क्षेत्र में काम करने वाले कुछ मजदूरों के बीच ऐसे इंजेक्शनों की मांग अधिक रहती है, जिसके चलते उसने अवैध तरीके से इनकी बिक्री शुरू कर दी थी।

बहादराबाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। साथ ही पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी को ये नशीले इंजेक्शन कहां से प्राप्त होते थे और इस अवैध नेटवर्क में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकास रावत, कांस्टेबल नितुल यादव एवं कांस्टेबल पंकज बिष्ट शामिल रहे। पुलिस टीम की तत्परता और सतर्कता के चलते नशे के अवैध कारोबार पर एक और प्रभावी प्रहार किया गया है।

क्षेत्रीय लोगों ने बहादराबाद पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लगातार हो रही कार्यवाही से समाज में सकारात्मक संदेश जा रहा है और युवाओं को नशे की दलदल से बचाने में मदद मिलेगी।

प्रमुख खबरे