एसटीएफ का बड़ा प्रहार: गदरपुर का मो. सलाउद्दीन गिरफ्तार, सोशल मीडिया से फैला रहा था कट्टरपंथी और राष्ट्रविरोधी विचार
![]()
एसटीएफ का बड़ा प्रहार: गदरपुर का मो. सलाउद्दीन गिरफ्तार, सोशल मीडिया से फैला रहा था कट्टरपंथी और राष्ट्रविरोधी विचार
पाकिस्तान-मलेशिया कनेक्शन की जांच, हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद
tahalka1news
देहरादून/हरिद्वार । उत्तराखंड में राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तराखंड को एक बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” विजन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में कार्य कर रही एसटीएफ ने उधमसिंहनगर जनपद के गदरपुर निवासी मो. सलाउद्दीन पुत्र अब्दुल मलिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं को कट्टरपंथी एवं जिहादी विचारधारा से प्रभावित करने तथा देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के खिलाफ गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप है।
एसटीएफ को प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन की गहन पड़ताल की गई, जिसमें इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई संदिग्ध चैट, समूह और सामग्री सामने आई। जांच एजेंसियों के अनुसार इन चैट्स में जिहाद, शहादत और राष्ट्रविरोधी विचारधारा से संबंधित सामग्री साझा की जा रही थी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी युवाओं को प्रभावित कर उन्हें उग्र और कट्टरपंथी विचारधारा की ओर प्रेरित करने का प्रयास कर रहा था।
एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार जांच में अंतरराष्ट्रीय और ट्रांस-बॉर्डर कट्टरपंथी तत्वों से संभावित संपर्कों के संकेत भी मिले हैं। तकनीकी विश्लेषण में कुछ ऐसे डिजिटल साक्ष्य प्राप्त हुए हैं जिनसे विदेशी हैंडलरों से संपर्क की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ और गोपनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पाकिस्तान की ओर से मलेशिया में बैठे एक कथित हैंडलर के माध्यम से आरोपी को संचालित किए जाने की संभावना सामने आई है। हालांकि इस संबंध में विस्तृत जांच अभी जारी है।
मामले की गंभीरता उस समय और बढ़ गई जब पूछताछ के आधार पर एसटीएफ ने देर रात सर्च अभियान चलाकर एक अंग्रेजी पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस, चार डेटोनेटर तथा दो एके-47 के कारतूस बरामद किए। इसके अलावा चैट्स में हथियारों, विस्फोटक सामग्री के भंडारण और उनकी आवाजाही से जुड़ी संदिग्ध बातचीत भी सामने आई है, जिसकी फॉरेंसिक और तकनीकी जांच की जा रही है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह स्वीकार किया कि कुछ घटनाओं से प्रभावित होकर उसके भीतर कट्टरपंथी सोच विकसित हुई थी। जांच में यह भी सामने आया कि उसने कई महत्वपूर्ण चैट और संपर्कों को डिलीट कर दिया था। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी एक व्यक्ति से उसके संपर्कों की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी भूमिका की जांच की जा रही है। एसटीएफ की टीम इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है और संभावित सहयोगियों की तलाश में उत्तर प्रदेश में भी दबिश दी जा रही है।
मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152 और 61(2) के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 66(C) और 66(F) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी संबंधित अभिसूचना एजेंसियों को मामले से अवगत कराते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और राज्य में सामाजिक सौहार्द तथा राष्ट्रीय सुरक्षा को चुनौती देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। एसटीएफ ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की संदिग्ध राष्ट्रविरोधी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस अथवा एसटीएफ को सूचित करें। सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
गिरफ्तार अभियुक्त:
मो. सलाउद्दीन पुत्र अब्दुल मलिक, निवासी मजरासीला, गदरपुर, जनपद उधमसिंहनगर।

सिकरोड़ा में उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब, हजरत बाबा मोहब्बत अली शाह व बाबा शरीफ अहमद शाह का सालाना उर्स सम्पन्न
उत्तराखण्ड के 408 हज यात्री सकुशल लौटे वतन, हज समिति अध्यक्ष खतीब अहमद ने किया भव्य स्वागत
एसटीएफ का बड़ा प्रहार: गदरपुर का मो. सलाउद्दीन गिरफ्तार, सोशल मीडिया से फैला रहा था कट्टरपंथी और राष्ट्रविरोधी विचार
नशीले इंजेक्शनों सहित नशा तस्कर राव रिहान गिरफ्तार, 50 इंजेक्शन बरामद
“ऑपरेशन प्रहार” के तहत कलियर पुलिस का शिकंजा, सट्टा खाईबाड़ी करते शमशेर गिरफ्तार, 1820 रुपये नकद बरामद