April 8, 2026 02:02:34 pm

सनसनी::युवती से मारपीट-लूट के बाद आरोपी ने खुद को मारी गोली

Loading

सनसनी::युवती से मारपीट-लूट के बाद आरोपी ने खुद को मारी गोली

tahalka1news

हरिद्वार। जनपद के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने इलाके में दहशत फैला दी। एक युवक ने पहले अपनी परिचित युवती के साथ बीच सड़क पर मारपीट और लूटपाट की, और फिर पुलिस के करीब पहुंचते ही खुद को गोली मार ली।
मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फैजाबाद क्षेत्र की रहने वाली एक युवती, जो वर्तमान में जमालपुर स्थित राम वाटिका कॉलोनी में रह रही है, ने पुलिस को बताया कि उसके गांव का रहने वाला सुजेश अचानक जमालपुर चौक के पास मिला। आरोपी के पास अवैध पिस्टल थी। उसने युवती के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और हथियार के बल पर उसका मोबाइल फोन छीन लिया। जाते-जाते वह युवती को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
घटना से घबराई युवती तुरंत गैस प्लांट पुलिस चौकी पहुंची और पूरी जानकारी दी। मामला गंभीर देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सर्विलांस के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की, जो बहादराबाद क्षेत्र में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने तेजी से आरोपी का पीछा शुरू किया।
पुलिस जब बहादराबाद स्थित इंडियन बॉटलिंग प्लांट के पास खाली मैदान में पहुंची, तो वहां आरोपी जमीन पर घायल अवस्था में मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पकड़े जाने के डर से खुद को गोली मार ली थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर इसे आपसी विवाद का मामला माना जा रहा है, लेकिन पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से आया और इस घटना के पीछे असली कारण क्या था।
फिलहाल, पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा और चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस प्रशासन द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।