July 9, 2026 11:20:13 pm

उत्तराखंड STF की बड़ी कार्रवाई, 15,650 लीटर प्रतिबंधित केमिकल का जखीरा बरामद, गोदाम सील

Loading

उत्तराखंड STF की बड़ी कार्रवाई, 15,650 लीटर प्रतिबंधित केमिकल का जखीरा बरामद, गोदाम सील

अवैध केमिकल, नकली शराब, फर्जी दवाइयों या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की होने पर एसटीएफ उत्तराखंड ने किया हेल्पलाइन नंबर जारी,खबर विस्तार से पढ़े

tahalka1news

देहरादून । उत्तराखंड में अवैध रासायनिक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए उधमसिंहनगर जनपद के किच्छा क्षेत्र में भारी मात्रा में प्रतिबंधित केमिकल का जखीरा बरामद किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” विजन और पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह बड़ी सफलता हासिल हुई।

गुरुवार को एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट ने कोतवाली किच्छा पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम के साथ लालपुर क्षेत्र स्थित एक गोदाम पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गोदाम से कुल 108 ड्रमों में लगभग 15,650 लीटर प्रतिबंधित रासायनिक पदार्थ बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त मौके से 78 खाली ड्रम, एक टुल्लू पंप, पांच बंडल प्लास्टिक पाइप, गेज, फ्लास्क तथा मापक यंत्र भी बरामद किए गए।

जांच में सामने आया कि गोदाम राजकुमार खुराना पुत्र हरबंश खुराना, निवासी किच्छा द्वारा संचालित किया जा रहा था। बरामद रासायनिक पदार्थों में करीब 9,050 लीटर एथेनॉल, 2,600 लीटर ग्लूकोज तथा 4,000 लीटर सॉर्बिटॉल शामिल हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार एथेनॉल का उपयोग अवैध शराब निर्माण में, ग्लूकोज का उपयोग खाद्य उत्पादों तथा सॉर्बिटॉल का उपयोग कफ सिरप और दवाइयों के निर्माण में किया जाता है। बिना वैध अनुमति इतनी बड़ी मात्रा में इन रसायनों का भंडारण गंभीर अनियमितता माना जा रहा है।

आबकारी विभाग की टीम ने मौके से सभी रासायनिक पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गोदाम को सील कर दिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

इस संयुक्त अभियान में एसटीएफ की ओर से निरीक्षक विकास चौधरी, उपनिरीक्षक विपिन चन्द्र जोशी, उपनिरीक्षक कृष्ण गोपाल मठपाल, हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल महेन्द्र गिरी, हेड कांस्टेबल किशोर कुमार, कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार तथा सर्विलांस टीम के किशन चन्द्र शर्मा शामिल रहे। कोतवाली किच्छा से उपनिरीक्षक बसन्त कुमार और कांस्टेबल त्रिलोक सिंह ने कार्रवाई में सहयोग किया, जबकि आबकारी विभाग की टीम का नेतृत्व निरीक्षक महेन्द्र सिंह बिष्ट ने किया।

एसटीएफ ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध केमिकल, नकली शराब, फर्जी दवाइयों या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल एसटीएफ को सूचित करें। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इस संबंध में एसटीएफ ने अपना हेल्पलाइन नंबर 9412029536 भी जारी किया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित रासायनिक पदार्थों की बरामदगी उत्तराखंड में अवैध शराब और अन्य अवैध निर्माण गतिविधियों के नेटवर्क पर बड़ी चोट है। एसटीएफ की इस कार्रवाई को राज्य में अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है। :::

प्रमुख खबरे