July 8, 2026 11:31:09 pm

ऑपरेशन प्रहार का बड़ा असर: 24 घंटे में कलियर पुलिस ने किया बाइक चोरी का खुलासा, दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

Loading

ऑपरेशन प्रहार का बड़ा असर: 24 घंटे में कलियर पुलिस ने किया बाइक चोरी का खुलासा, दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

नशे की लत पूरी करने के लिए बने चोर खेत से चोरी की गई बाइक बेचने जा रहे थे कलियर पुलिस ने भिजवा दिया जेल

tahalka1news

कलियर। हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। इसी अभियान के अंतर्गत कोतवाली कलियर पुलिस ने वाहन चोरी की एक वारदात का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है, जबकि आमजन ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना की है।

पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को ग्राम बेड़पुर निवासी जावेद पुत्र असगर ने कोतवाली कलियर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर UK 08 AB 3559) को अज्ञात चोरों ने सोहलपुर रोड स्थित खेत से चोरी कर लिया है। शिकायत के आधार पर कोतवाली कलियर में मुकदमा अपराध संख्या 151/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस टीम ने घटना के खुलासे के लिए तेजी से सुरागरसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार की गई पड़ताल के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सूचना मिली, जिसके आधार पर एनआईसी कॉलेज धनौरी और तिरछा पुल के बीच बावन दर्रा जाने वाले लिंक रोड पर घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप कुमार (27 वर्ष) पुत्र तेलूराम तथा विशाल कुमार (21 वर्ष) पुत्र तेलूराम, निवासी ग्राम सोहलपुर, थाना कलियर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 5 जुलाई की शाम सोहलपुर रोड स्थित खेत से उक्त बाइक चोरी की थी और अब उसे बेचने के लिए सलेमपुर की ओर जा रहे थे। आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने तथा जल्दी पैसा कमाने के लालच में चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देने लगे। परिवार द्वारा पैसे नहीं दिए जाने के कारण उन्होंने यह रास्ता अपनाया।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) एवं 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच शुरू कर दी है। यदि इनके अन्य मामलों में शामिल होने के साक्ष्य मिलते हैं तो आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रामअवतार, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार तथा हेड कांस्टेबल इसरार अली की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रमुख खबरे