प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह: राजवीर हत्याकांड का खुलासा, प्रेमिका के पिता को रास्ते से हटाने के लिए रची गई साजिश,दो आरोपी गिरफ्तार
![]()
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह: राजवीर हत्याकांड का खुलासा, प्रेमिका के पिता को रास्ते से हटाने के लिए रची गई साजिश
tahalka1news
हरिद्वार। कोतवाली बहादराबाद क्षेत्र में हुए चर्चित राजवीर हत्याकांड का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस ब्लाइंड मर्डर केस के पीछे प्रेम प्रसंग और शादी की जिद को लेकर रची गई सुनियोजित साजिश सामने आई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मृतक राजवीर सिंह की हत्या उसकी शादीशुदा बेटी से प्रेम संबंध रखने वाले युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर की थी। आरोपी पंकज कुमार पुत्र चमन सिंह निवासी रोशनाबाद, हरिद्वार मृतक की बेटी से प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। इसके लिए वह उसका तलाक करवाने का दबाव बना रहा था, लेकिन राजवीर इस रिश्ते के खिलाफ था।
इसी बात को लेकर पंकज ने अपने साथी छोटे लाल पुत्र गंगा सागर के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। 26 अप्रैल 2026 की शाम को दोनों आरोपियों ने राजवीर को शराब पिलाने के बहाने बहादराबाद क्षेत्र के बौंगला अंडरपास के पास पॉपलर के खेत में ले जाकर उसके सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या कर दी।
घटना की सूचना 27 अप्रैल को डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली थी। मृतक के बेटे प्रियांशु द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली बहादराबाद में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने डिजिटल साक्ष्यों और संदिग्ध मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। कलियर रोड स्थित लकी हॉस्पिटल के पास संदिग्ध अवस्था में मिले पंकज को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने पूरी घटना का खुलासा कर दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने छोटे लाल को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल फोन, पर्स, एटीएम कार्ड समेत अन्य सामान बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, उपनिरीक्षक मनोज गौरोला, प्रवीण बिष्ट सहित बहादराबाद पुलिस, सिडकुल थाना और सीआईयू हरिद्वार की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह: राजवीर हत्याकांड का खुलासा, प्रेमिका के पिता को रास्ते से हटाने के लिए रची गई साजिश,दो आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की सख्त कार्रवाई,गौकशी में वांछित गैंगस्टर इकरार गिरफ्तार
किशनपुर जमालपुर में तीन दिवसीय विकास एवं सांस्कृतिक मेले का भव्य समापन,ग्रामीण विकास की मिसाल बनी ग्राम पंचायत
रामनगर में झपट्टामार गिरोह का पर्दाफाश: 70 CCTV खंगालकर पुलिस ने दबोचे आरोपी, मंगलसूत्र व बाइक बरामद
एसएसपी नवनीत सिंह की पहल पर पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार द्वारा एनडीपीएस एक्ट में लिप्त 25 व्यक्तियों की नशे के खिलाफ काउंसलिंग