February 24, 2026 04:14:08 am

कोडीन सिरप और मन प्रभावी दवाओं के दुरुपयोग पर सख्त एक्शन, तीन जिलों में छापेमारी,कई प्रतिष्ठान सील

Loading

कोडीन सिरप और मन प्रभावी दवाओं के दुरुपयोग पर सख्त एक्शन, तीन जिलों में छापेमारी,कई प्रतिष्ठान सील

तीन दल गठित, जिलों में बदली जिम्मेदारी

tahalka1news

देहरादून । प्रदेश में कोडीन युक्त कफ सिरप और अन्य मनःप्रभावी औषधियों के बढ़ते दुरुपयोग व अवैध व्यापार पर अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं।

दिनांक 23.02.2026 को सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा द्वारा सचिवालय में खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें इस गंभीर विषय पर विस्तृत चर्चा की गई।

सचिव महोदय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त न किया जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

तीन दल गठित, जिलों में बदली जिम्मेदारी

प्राप्त निर्देशों के क्रम में अपर आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा औषधि निरीक्षकों के तीन विशेष दल गठित किए गए। कार्रवाई की निष्पक्षता और प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए देहरादून में तैनात औषधि निरीक्षकों को जनपद हरिद्वार, हरिद्वार के अधिकारियों को देहरादून तथा नैनीताल में तैनात निरीक्षकों को जनपद उधमसिंहनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी टीमों को औषधि अनुज्ञप्ति प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

देहरादून में दो प्रतिष्ठान सील

जनपद देहरादून के हर्बर्टपुर क्षेत्र में M/s Mystic Pharma Healthcare एवं Trust Way Pharmaceutical पर औचक छापेमारी की गई। सघन निरीक्षण के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में औषधि नियमों के उल्लंघन पाए गए।

अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए दोनों दुकानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया तथा चाबियां संबंधित थाने को सुपुर्द कर दी गईं।

हरिद्वार में स्टॉक सीज

जनपद हरिद्वार के सलेमपुर, बहादराबाद स्थित M/s Animentis Life Sciences Pvt. Ltd. में निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाई गईं। टीम ने उपलब्ध औषधियों के स्टॉक को फार्म-15 के तहत सीज कर लिया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

उधमसिंहनगर में नोटिस चस्पा

जनपद उधमसिंहनगर के रुद्रपुर स्थित M/s Futec Pharmaceuticals Pvt. Ltd. के प्रतिष्ठान पर सूचना के आधार पर टीम पहुंची, जहां फर्म बंद पाई गई। टीम द्वारा औषधि अधिनियम के तहत नोटिस चस्पा किया गया तथा फर्म स्वामी को दूरभाष के माध्यम से अवगत कराते हुए दुकान को टीम की उपस्थिति में खोलने के निर्देश दिए गए।

प्रदेशभर में जारी रहेगा अभियान
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में लगातार जारी रहेगा। आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं भी कोडीन युक्त सिरप या अन्य मनःप्रभावी औषधियों के दुरुपयोग अथवा अवैध बिक्री की जानकारी हो तो विभाग को सूचित करें, ताकि समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

स्वास्थ्य विभाग की इस सख्त कार्यवाही से अवैध औषधि कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आमजन में इसे लेकर सकारात्मक संदेश गया है कि सरकार जनस्वास्थ्य के प्रति गंभीर है।

प्रमुख खबरे