फर्जी शस्त्र लाइसेंस रैकेट पर STF का बड़ा प्रहार, काशीपुर के कारोबारी समेत दो गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद
![]()
फर्जी शस्त्र लाइसेंस रैकेट पर STF का बड़ा प्रहार, काशीपुर के कारोबारी समेत दो गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद
दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस और पूर्व में बरामद स्विफ्ट कार की चाबी बरामद
tahalka1news
देहरादून । उत्तराखंड में फर्जी शस्त्र लाइसेंसों और अवैध हथियारों के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” के विजन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशों के तहत चलाए जा रहे अभियान में STF को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। STF ने देर रात रुद्रपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए काशीपुर निवासी सौरभ अग्रवाल और उसके चालक अमित पाल को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए हैं।
STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार राज्य में बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए हजारों शस्त्र लाइसेंसों की वैधता और सत्यता की गहन जांच की जा रही है। इसी जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर 4 जून 2026 को काशीपुर कोतवाली में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। उसी मुकदमे की विवेचना के क्रम में STF और ऊधमसिंहनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने 10 जून की रात काशीपुर क्षेत्र से एक स्विफ्ट कार में चार अवैध हथियार और 237 कारतूस बरामद किए थे।
जांच के दौरान बरामद हथियारों, कारतूसों और फर्जी लाइसेंसों का संबंध काशीपुर निवासी सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल तथा दीप्ति अग्रवाल से जुड़ा पाया गया। इसके बाद फरार चल रहे सौरभ अग्रवाल और उसके सहयोगियों की तलाश के लिए STF की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
इसी क्रम में 11 जून की देर रात STF को गोपनीय सूचना मिली कि दो व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध हथियारों के साथ रुद्रपुर क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए STF टीम ने रुद्रपुर रोडवेज के पास घेराबंदी कर काशीपुर निवासी सौरभ अग्रवाल पुत्र राकेश कुमार अग्रवाल तथा उसके चालक अमित पाल पुत्र प्रमोद पाल को हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक 12 बोर पम्प एक्शन बंदूक, एक .30 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .32 बोर ऑटोमैटिक पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस और पूर्व में बरामद स्विफ्ट कार की चाबी बरामद की गई। पूछताछ में यह भी सामने आया कि 10 जून को बरामद हुई स्विफ्ट कार को आरोपी अमित पाल ने सबूत मिटाने और साक्ष्य छिपाने की नीयत से काशीपुर की एक पार्किंग में खड़ा कर दिया था।
STF के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण और चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच में कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही अन्य संदिग्ध लाइसेंस धारकों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी STF ने बताया कि अब तक फर्जी शस्त्र लाइसेंसों के मामलों में राज्य के विभिन्न जिलों में तीन मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और सात आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। STF की कार्रवाई में अब तक कुल 12 अवैध हथियार, 315 कारतूस तथा कई फर्जी लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस राष्ट्रीय सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक शांति के लिए गंभीर खतरा हैं। उत्तराखंड पुलिस ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
STF ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को किसी संदिग्ध या फर्जी शस्त्र लाइसेंस के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त होती है तो वह तुरंत STF को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी:
1. सौरभ अग्रवाल पुत्र राकेश कुमार अग्रवाल, निवासी काशीपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर।
2. अमित पाल पुत्र प्रमोद पाल, निवासी कटोराताल, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर।
बरामदगी:-
-एक पम्प एक्शन बंदूक 12 बोर
-एक ऑटोमैटिक पिस्टल .32 बोर
– एक ऑटोमैटिक पिस्टल .30 बोर
– आठ जिंदा कारतूस
– दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस
– एक कार की चाबी
इस कार्रवाई को STF उत्तराखंड की टीम ने निरीक्षक विकास चौधरी, निरीक्षक अरुण कुमार, निरीक्षक एम.पी. सिंह तथा अन्य अधिकारियों और कर्मियों के नेतृत्व में सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

फर्जी शस्त्र लाइसेंस रैकेट पर STF का बड़ा प्रहार, काशीपुर के कारोबारी समेत दो गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद
बड़ी सफलता: 7 माह के मासूम का अपहरण कर भीख मंगवाने की साजिश नाकाम, 4 दिन में कलियर पुलिस ने किया सकुशल बरामद
ऑपरेशन प्रहार के तहत रामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5.987 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार
दो साल बाद खुला ट्रैक्टर चोरी का राज, कलियर पुलिस ने तीन शातिर चोर दबोचे
अश्लील हरकतों पर हरिद्वार पुलिस का शिकंजा, 05 महिलाएं हिरासत में