June 19, 2026 12:56:41 am

बुग्गावाला थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस-बदमाश मुठभेड़, लुकमान के पैर में लगी गोली, साथी फरार

Loading

बुग्गावाला थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस-बदमाश मुठभेड़, लुकमान के पैर में लगी गोली, साथी फरार

पुलिस पर फायरिंग पड़ी भारी जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ बदमाश लुकमान, फरार आरोपी की तलाश में कॉम्बिंग जारी

Tahalka1news

कलियर । जनपद हरिद्वार के थाना बुग्गावाला क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुए बदमाश की पहचान लुकमान पुत्र गुफरान निवासी ग्राम गोकुलवाला, थाना बुग्गावाला के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 19 जून 2026 की देर रात्रि थाना बुग्गावाला पुलिस टीम यूपी बॉर्डर के समीप जोनल चेकिंग एवं गश्त अभियान पर तैनात थी। इसी दौरान बंजारावाला की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने दोनों को रुकने का संकेत दिया, लेकिन आरोपियों ने रुकने के बजाय मोटरसाइकिल मोड़ने का प्रयास किया और पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुई फायरिंग से स्थिति गंभीर हो गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी लुकमान के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। वहीं उसका दूसरा साथी अंधेरे और आसपास के क्षेत्र का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल हिरासत में लेते हुए उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा। मौके पर की गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस को आरोपी के पास से अमानतगढ़ स्थित फैक्ट्री में 09 जून 2026 को हुई फायरिंग की घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिससे आरोपी की आपराधिक गतिविधियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर आसपास के जंगलों, खेतों तथा संभावित ठिकानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं बरामद मोबाइल फोन और हथियारों के आधार पर आरोपियों के अन्य आपराधिक मामलों में भी संलिप्त होने की जांच की जा रही है।

बुग्गावाला पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई तथा पुलिस पर फायरिंग करने वाले आरोपी को मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया गया। फिलहाल पुलिस फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

प्रमुख खबरे