June 7, 2026 12:14:30 am

700 किलोमीटर दूर बांदा तक पहुंची हरिद्वार पुलिस, 25 दिन की मेहनत के बाद ब्लाइंड मर्डर का सनसनीखेज खुलासा

Loading

700 किलोमीटर दूर बांदा तक पहुंची हरिद्वार पुलिस, 25 दिन की मेहनत के बाद ब्लाइंड मर्डर का सनसनीखेज खुलासा

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, शादी के दबाव से बचने को प्रेमी ने भाई और जीजा संग रची खौफनाक साजिश

tahalka1news

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने एक चुनौतीपूर्ण ब्लाइंड मर्डर केस का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। करीब 25 दिनों तक चली गहन जांच, तकनीकी विश्लेषण और लगातार पुलिस प्रयासों के बाद इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझाई गई।

पुलिस के अनुसार, कुछ समय पूर्व हरिद्वार क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। शव काफी पुराना होने के कारण मृतका की पहचान करना और हत्यारों तक पहुंचना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल का निरीक्षण स्वयं एसएसपी नवनीत सिंह एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया और संदिग्ध परिस्थितियों के चलते पुलिस को ही मामले में वादी बनाया गया।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने 600 घंटे से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाली, लाखों मोबाइल नंबरों एवं एसआईआर डाटा का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और सूक्ष्म विवेचना के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनके आधार पर टीम आरोपियों की तलाश में घटनास्थल से लगभग 700 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद तक पहुंची।

पत्रकार वार्ता में एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि मृतका का एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला लगातार युवक पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर युवक ने अपने भाई और जीजा के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। योजना के तहत महिला को चंडी देवी मंदिर में दर्शन कराने का लालच देकर हरिद्वार बुलाया गया, जहां तीनों आरोपियों ने मिलकर उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को सुनसान स्थान पर फेंक दिया।

लगातार 25 दिनों तक चली मैराथन जांच के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र द्वारा पुलिस टीम को 5 हजार रुपये तथा एसएसपी हरिद्वार द्वारा 2500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई है।

हरिद्वार पुलिस की सतर्कता, तकनीकी दक्षता, टीमवर्क और अथक परिश्रम से एक बेहद जटिल ब्लाइंड मर्डर केस का सफल खुलासा होने पर पुलिस टीम की व्यापक सराहना की जा रही है।

प्रमुख खबरे