June 4, 2026 03:36:34 am

कलियर पुलिस की तत्परता से दिल्ली से सकुशल बरामद कीं दोनो नाबालिग बालिकाएं

Loading

कलियर पुलिस की तत्परता से दिल्ली से सकुशल बरामद कीं दोनो नाबालिग बालिकाएं

माँ के चेहरे पर लौटी मुस्कान परिजनों की डांट से घर छोड़ कर चली गई थी बेटियां

tahalka1news

कलियर । हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना पिरान कलियर पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए घर से लापता हुई दो नाबालिग बालिकाओं को दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया। बेटियों के मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार इसराजुल पुत्र इलियास, निवासी वार्ड नंबर-04 रामनगर, थाना सोनबरसा, जिला सीतामढ़ी (बिहार), हाल निवासी नई बस्ती पिरान कलियर ने 25 मई 2026 को थाना पिरान कलियर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री पड़ोस की एक अन्य नाबालिग लड़की के साथ 23 मई को बिना बताए घर से चली गई है और वापस नहीं लौटी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पिरान कलियर में मु0अ0सं0 108/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी कोतवाली पिरान कलियर के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू करते हुए क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा बालिकाओं से जुड़े मोबाइल नंबरों की लोकेशन ट्रेस की। लगातार प्रयास और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने 03 जून 2026 को दिल्ली के घोंडा चौक क्षेत्र से दोनों नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया।

बरामदगी के बाद दोनों बालिकाओं को नियमानुसार जिला बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वे परिजनों की डांट से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल गई थीं। पहले वे रुड़की पहुंचीं और बाद में ट्रेन से दिल्ली चली गईं।

समय रहते पुलिस की सक्रियता और सतर्कता के कारण दोनों नाबालिग बालिकाएं किसी भी संभावित खतरे या गलत हाथों में पड़ने से बच गईं। बेटियों की सकुशल वापसी से परिवार में खुशी का माहौल है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विशाखा असवाल,हेड कांस्टेबल सोनू कुमार थाना पिरान कलियर,कांस्टेबल महिपाल सीआईयू रुड़की,होमगार्ड अंकित थाना पिरान कलियर आदि सामिल रहे।

पुलिस टीम की इस तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की क्षेत्रवासियों द्वारा सराहना की जा रही है।

प्रमुख खबरे