June 1, 2026 10:33:15 pm

ऑपरेशन कालनेमी: कलियर मे पुलिस का बड़ा एक्शन,40 तांत्रिक बहुरूपिए दबोचे

Loading

ऑपरेशन कालनेमी: कलियर मे पुलिस का बड़ा एक्शन,40 तांत्रिक बहुरूपिए दबोचे

धार्मिक आस्था के नाम पर ठगी करने वालों पर पुलिस का प्रहार, एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर कलियर में चला सघन अभियान

tahalka1news

कलियर । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन कालनेमी” के तहत पिरान कलियर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए ऐसे 40 व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई जो तांत्रिक, फकीर और अन्य छद्म धार्मिक वेशभूषा धारण कर आमजन की धार्मिक भावनाओं का लाभ उठाने का प्रयास कर रहे थे।

रविवार को कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने दरगाह साबिर पाक और उसके आसपास स्थित सरायों, रैन बसेरों, टीन शेडों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने ऐसे व्यक्तियों की पहचान की जो विशेष रूप से महिलाओं, युवाओं तथा परेशान लोगों को उनकी घरेलू और व्यक्तिगत समस्याओं का समाधान करने का झूठा भरोसा देकर आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि कई लोग तांत्रिक और कथित धार्मिक व्यक्तियों का वेश धारण कर लोगों को भ्रमित कर रहे थे। इसके बाद सभी 40 व्यक्तियों को कोतवाली लाकर विस्तृत पूछताछ की गई तथा उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत उनका चालान किया गया।

एसएसपी नवनीत सिंह ने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को धर्म और आस्था के नाम पर भोले-भाले लोगों को गुमराह करने या उनसे धन ऐंठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हर की पैड़ी के बाद अब पिरान कलियर क्षेत्र में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया है और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई के दौरान लड्डन निवासी बिजनौर, अकबर निवासी मुंबई, नजीर निवासी अलीगढ़, वसीम निवासी मुरादाबाद, यामीन निवासी अमरोहा, शकील निवासी प्रयागराज, विकास निवासी बुलंदशहर, सलमान निवासी दिल्ली, आमिर निवासी गाजियाबाद सहित विभिन्न राज्यों और जनपदों से आए कुल 40 व्यक्तियों को चिन्हित किया गया। इनमें कुछ स्थानीय निवासी भी शामिल पाए गए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार “ऑपरेशन कालनेमी” का उद्देश्य धार्मिक स्थलों पर सक्रिय ऐसे लोगों की पहचान करना है जो आस्था की आड़ में लोगों का शोषण कर रहे हैं। अभियान के माध्यम से आमजन को भी जागरूक किया जा रहा है कि वे किसी भी व्यक्ति के झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने किया। अभियान में उपनिरीक्षक विनोद कुमार गोला, हेड कांस्टेबल जमशेद अली, कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, सुनील चौहान, प्रकाश मनराल और सुबोध पुरोहित सहित पुलिस टीम के अन्य जवान मौजूद रहे।

हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई को धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने और आमजन को ठगी एवं अंधविश्वास से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्रमुख खबरे