June 1, 2026 10:33:15 pm

भारत विकास परिषद मां चूड़ामणि शाखा का दायित्व ग्रहण समारोह संपन्न, नवदायित्वधारियों ने ली राष्ट्रसेवा की शपथ

Loading

भारत विकास परिषद मां चूड़ामणि शाखा का दायित्व ग्रहण समारोह संपन्न, नवदायित्वधारियों ने ली राष्ट्रसेवा की शपथ

संस्कार,सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ भारत विकास परिषद का कार्यशाला आयोजित

tahalka1news

रुड़की। भारत विकास परिषद मां चूड़ामणि शाखा भगवानपुर-रुड़की द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए दायित्व ग्रहण समारोह एवं कार्यशाला का आयोजन होटल दीप रेजीडेंसी, रुड़की में सादगीपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारियों, सदस्यों, समाजसेवियों तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पतंजलि विश्वविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. संगीता सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारत विकास परिषद देश की उन चुनिंदा संस्थाओं में से एक है, जो सेवा कार्यों के साथ-साथ भावी पीढ़ी को संस्कारवान बनाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्कारयुक्त व्यक्ति समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणा स्रोत बनते हैं, जबकि संस्कारों से विहीन व्यक्ति समाज के लिए चुनौती बन सकते हैं। इसलिए युवाओं में नैतिक मूल्यों एवं भारतीय संस्कृति के संस्कारों का संचार समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं उत्तराखंड पश्चिम प्रांत की प्रांतीय अध्यक्षा डॉ. मनीषा सिंघल ने कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए परिषद की रीति-नीति एवं कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र प्रथम की भावना विकसित करना तथा उन्हें भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ना है। परिषद सेवा, संस्कार, संपर्क, सहयोग और समर्पण के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का कार्य कर रही है।

उत्तराखंड पश्चिम प्रांत के प्रांतीय महासचिव एवं अधिष्ठापन अधिकारी डॉ. संजय गर्ग ने वर्ष 2026-27 के लिए नवदायित्वधारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को गत वर्ष की उपलब्धियों से आगे बढ़कर उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा देते हुए शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद की भक्ति राष्ट्रभक्ति है और परिषद का धर्म राष्ट्रधर्म है। परिषद की मूल भावना “तन समर्पित, मन समर्पित और यह जीवन समर्पित” के सिद्धांत पर आधारित है, जो प्रत्येक सदस्य को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देती है।

इस अवसर पर डॉ. संजय गर्ग ने निखिल अग्रवाल, वैभव गोयल, भूपेंद्र अग्रवाल, डॉ. सुभाष जुनेजा, मुकुल चौहान, विनीता गुप्ता, योगेश चौहान तथा राजेश कुमार को परिषद की सदस्यता ग्रहण कराई तथा परिषद के सिद्धांतों और आदर्शों के अनुरूप कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. संगीता सिंह, प्रांतीय अध्यक्षा डॉ. मनीषा सिंघल तथा प्रांतीय महासचिव डॉ. संजय गर्ग ने अमर उजाला के संजय पाल, हिंदुस्तान के विजय सैनी, बद्री विशाल के अनिल त्यागी, अजीत समाचार के के.पी. सिंह तथा दैनिक जागरण के सुदेशकांत शर्मा को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की।

प्रांतीय वित्त सचिव प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित यश गर्ग ने परिषद के वित्तीय प्रबंधन, बैंक खातों, एओपी, बीवीपी ऐप एवं वेबसाइट संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। वहीं प्रांतीय संयोजक संस्कार डॉ. राजीव गोयल ने भारत को जानो प्रतियोगिता, समूह गान प्रतियोगिता एवं गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।

प्रांतीय संयोजिका महिला सहभागिता एडवोकेट प्रीति अग्रवाल ने महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सुरक्षा को लेकर परिषद द्वारा संचालित किए जाने वाले कार्यक्रमों पर चर्चा की। उन्होंने एनीमिया जांच शिविर, सर्वाइकल कैंसर जागरूकता अभियान एवं महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

शाखा की संयुक्त सचिव श्रीमती शालिनी मणि ने परिषद के प्रोटोकॉल, नियमों एवं सिद्धांतों की जानकारी दी। कोषाध्यक्ष लोकेश कुमार ने परिषद के पांच सूत्रों में प्रथम सूत्र ‘संपर्क’ को मजबूत बनाने पर बल देते हुए समाज के शिक्षित, प्रतिष्ठित एवं साधन संपन्न लोगों को परिषद से जोड़ने की आवश्यकता बताई।

वर्तमान अध्यक्ष संजय पाल ने गत वर्ष के दौरान किए गए सेवा एवं संस्कार संबंधी कार्यों की जानकारी दी, जबकि नवमनोनीत अध्यक्ष पुष्पराज सिंह चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि नई टीम परिषद के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेगी।

कार्यक्रम का सफल, सुंदर एवं सुव्यवस्थित संचालन शाखा की सचिव श्रीमती कल्पना सैनी ने किया। समारोह में शाखा की संरक्षक श्रीमती सुरेश अरोड़ा, उपाध्यक्ष अमरीश चौहान एवं अरविंद अग्रवाल, संयोजक सेवा रजनीश कुमार, संयोजक संस्कार कु. सारीन, संयोजक पर्यावरण डॉ. सुप्रिया गौड़, संयोजक महिला सहभागिता श्रीमती निधि, सहसंयोजक श्रीमती सुदेश रानी, श्रीमती आरती त्यागी, श्रीमती उर्वशी पंवार, आलोक कंडवाल, ओम सिंह सहित अनेक सदस्य एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

समारोह राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

प्रमुख खबरे