May 30, 2026 02:36:36 am

ऑपरेशन प्रहार व लगाम का असर: रामनगर पुलिस ने अवैध तमंचे और कारतूस के साथ ताहिर को दबोचा

Loading

ऑपरेशन प्रहार व लगाम का असर: रामनगर पुलिस ने अवैध तमंचे और कारतूस के साथ ताहिर को दबोचा

tahalka1news
रिपोर्ट- सलीम अहमद (रामनगर)

वन निगम ग्राउंड क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मिली सफलता, आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज

रामनगर । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में अवैध हथियारों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार और ऑपरेशन लगाम के तहत रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक युवक को अवैध 12 बोर देशी तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार के पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में रामनगर पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान वन निगम ग्राउंड, गुल्लरघट्टी रामनगर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान पुलिस टीम ने ताहिर पुत्र हसनैन, निवासी कनोरी, थाना बाजपुर, उम्र 25 वर्ष को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध 12 बोर देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 167/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अवैध हथियार के स्रोत और अन्य संभावित कड़ियों की जांच कर रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सोमेंद्र सिंह, कांस्टेबल गगन भंडारी और कांस्टेबल अमित कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध हथियार रखने वालों और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

प्रमुख खबरे