June 20, 2026 03:16:35 am

बढ़ती गर्मी में स्वच्छ पानी, टीकाकरण और सही देखभाल से बढ़ेगा पशुओं का उत्पादन: डॉ. राजीव कुमार

Loading

बढ़ती गर्मी में स्वच्छ पानी, टीकाकरण और सही देखभाल से बढ़ेगा पशुओं का उत्पादन: डॉ. राजीव कुमार

tahalka1news 

रिपोर्ट- श्रवण गिरी 

लक्सर । बदलते मौसम और बढ़ती गर्मी को देखते हुए वरिष्ठ पशुचिकित्साधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने पशुपालकों को सतर्क रहने और पशुओं की विशेष देखभाल करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में लापरवाही पशुओं के स्वास्थ्य और उत्पादन दोनों पर प्रतिकूल असर डाल सकती है।

डॉ. कुमार ने बताया कि पशुओं को दिन में तीन से चार बार स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है, ताकि वे डिहाइड्रेशन और गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचे रहें। उन्होंने यह भी कहा कि पशुओं के रहने की जगह साफ-सुथरी और हवादार होनी चाहिए, जिससे उन्हें गर्मी से राहत मिल सके।

बेहतर नस्ल और अधिक दुग्ध उत्पादन के लिए उन्होंने कृत्रिम गर्भाधान को कारगर उपाय बताया। उनके अनुसार, उच्च नस्ल के नर पशुओं के स्पर्म से कृत्रिम गर्भाधान कराने से संतति में बेहतर गुण विकसित होते हैं, जिससे पशुपालकों को आर्थिक लाभ मिलता है। उन्होंने यह भी बताया कि देशी नस्ल के पशु बीमारियों के प्रति अधिक सहनशील होते हैं, जबकि विदेशी नस्लों के साथ संकरण से दूध उत्पादन में वृद्धि संभव है।

डॉ. राजीव कुमार ने पशुपालकों को यह भी सलाह दी कि पशुओं को नियमित रूप से पेट के कीड़ों की दवा दी जाए और समय-समय पर टीकाकरण अवश्य कराया जाए। इससे पशु स्वस्थ रहते हैं और उनकी उत्पादकता में भी सुधार होता है।
उन्होंने कहा कि थोड़ी सी जागरूकता और सही देखभाल से पशुपालक अपने पशुओं को स्वस्थ रखकर बेहतर लाभ कमा सकते हैं।

प्रमुख खबरे