March 21, 2026 05:23:53 am

वक्फ सीईओ मोहम्मद आरिफ ने दरगाह कार्मिकों संग की अहम बैठक,जायरीनो की सुविधा सर्वोपरि”

Loading

वक्फ सीईओ मोहम्मद आरिफ ने दरगाह कार्मिकों संग की अहम बैठक,जायरीनो की सुविधा सर्वोपरि”

tahalka1news

कलियर। राज्य सरकार एवं उत्तराखण्ड शासन की अपेक्षाओं के क्रम में मुख्य कार्यपालक अधिकारी, उत्तराखण्ड वक्फ बोर्ड श्री मोहम्मद आरिफ द्वारा दरगाह साबिर पाक, पिरान कलियर के बेहतर प्रबंधन, सुव्यवस्थित संचालन, साफ-सफाई तथा जायरीनों की सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दरगाह के समस्त कार्मिकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए श्री मोहम्मद आरिफ ने स्पष्ट संदेश दिया कि वे भले ही उत्तराखण्ड वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी हैं, लेकिन दरगाह साबिर पाक में वे स्वयं को एक खादिम के रूप में देखते हुए सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का पूर्ण प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि दरगाह में आने वाला हर जायरीन “साबरी मेहमान” है और उनके साथ सम्मानजनक, शालीन एवं अतिथि सदृश व्यवहार करना प्रत्येक कार्मिक का नैतिक दायित्व है।

बैठक में जायरीन सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दरगाह परिसर में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, प्याऊ की स्थापना, मजार शरीफ की आंतरिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही दुकानदारों एवं होटल संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने स्थान पर डस्टबीन का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, अन्यथा गन्दगी पाए जाने पर विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

वजूखानों के आसपास पानी जमा रहने की समस्या के समाधान हेतु मैट बिछाने के निर्देश दिए गए, ताकि जायरीनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी दरगाह कार्मिकों को निर्धारित ड्रेस कोड एवं पहचान पत्र के साथ ड्यूटी पर उपस्थित रहने के भी सख्त निर्देश दिए गए।

दरगाह की बाह्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए तीन सदस्यीय समिति के गठन पर भी चर्चा की गई, जिसमें राज्य हज समिति के अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत पिरान कलियर के अधिशासी अधिकारी तथा दरगाह सुपरवाइज़र इन्तेखाब आलम को शामिल किया गया। यह समिति साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, अतिक्रमण, कूड़ा निस्तारण एवं गड्ढों के चिन्हीकरण संबंधी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। इसके साथ ही कूड़ा हटाने के लिए दो छोटे वाहनों के प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में यह भी बताया गया कि दरगाह परिसर स्थित रैन बसेरा के उपयोग हेतु शीघ्र ही दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। ऑनलाइन भुगतान को बढ़ावा देने के लिए दरगाह के प्रमुख स्थलों पर क्यूआर कोड लगाए जाने तथा तीनों मुख्य द्वारों पर सुझाव एवं शिकायत पेटिका स्थापित करने के निर्देश दिए गए, जिन्हें सप्ताह में एक बार सीईओ के पर्यवेक्षण में खोला जाएगा।

नाली की नियमित साफ-सफाई, खुले शौच पर पूर्ण प्रतिबंध, नौचंदी जुमेरात के अवसर पर रात्रि में दरगाह परिसर खोलने तथा जायरीनों के विश्राम हेतु दरी एवं टेंट की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही प्रत्येक सुपरवाइज़र को अपने-अपने पटल से संबंधित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया, अन्यथा कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

बैठक में हज अधिकारी मोहम्मद अहसान, अधिशासी अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान, वक्फ निरीक्षक मोहम्मद अली, दरगाह लेखाकार सद्दाम खान, सुपरवाइज़र इन्तेखाब आलम, हारून, मोहम्मद शारिक, मोहम्मद असलम सहित अन्य दरगाह कार्मिक उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी कार्मिकों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें अपने नैतिक एवं प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया गया।