May 3, 2026 05:04:16 pm

तमंचे की नोक पर लूट करने वाले गैंग का पर्दाफाश, SSP मंजुनाथ टीसी की सख्ती का असर

Loading

तमंचे की नोक पर लूट करने वाले गैंग का पर्दाफाश, SSP मंजुनाथ टीसी की सख्ती का असर

tahalka1news

रिपोर्ट-सलीम अहमद (रामनगर)


रामनगर। क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर सख्त रुख अपनाते हुए रामनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। स्कूटियों से पीछा कर तमंचे की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले 03 शातिर लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई को SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त निर्देशों के तहत अंजाम दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को सुरजीत सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी तुमडिया डाम द्वितीय, मालधन चौड़, रामनगर ने कोतवाली रामनगर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह अपने पुत्र के साथ वाहन संख्या UK18N-7913 से हाथीडंगर से मालधन अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान दो स्कूटी सवार बदमाशों ने उनका पीछा कर वाहन रुकवाया।
इसके बाद चार अज्ञात युवकों ने तमंचा तानकर उनके साथ मारपीट की और जेब से ₹10,000 नकद तथा उनके पुत्र का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली रामनगर में FIR संख्या 128/26 धारा 115/309(4)/351(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी ने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए, जिस पर SP सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडे एवं प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आमपोखरा रेंज क्षेत्र से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त
आयुष चन्याल उर्फ अंशु (21 वर्ष), निवासी देवीपुर, मालधन चौड़, रामनगर
अनिल बिष्ट (22 वर्ष), निवासी मटकोट, थाना चौखटिया, जनपद अल्मोड़ा (वर्तमान पता: वीर भूमि कॉलोनी, मानपुर रोड, काशीपुर)
प्रिंस कुमार (18 वर्ष), निवासी मालधन नं. 7, रामनगर
बरामदगी
03 अवैध तमंचे (315 बोर)
घटना में प्रयुक्त स्कूटी
₹7200 नकद
बरामदगी के आधार पर तीनों अभियुक्तों के खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस टीम में उ0नि0 बीरेन्द्र सिंह बिष्ट, अ0उ0नि0 प्रेम बल्लभ जोशी, कांस्टेबल विनीत चौहान, कांस्टेबल कविन्द्र सिंह, कांस्टेबल प्रयाग कुमार एवं कांस्टेबल मेघा चन्द्र सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

प्रमुख खबरे