February 11, 2026 05:13:49 am

वरिष्ठ ड्रग्स इंस्पेक्टर अनीता भारती के नेतृत्व में FDA की बड़ी कार्रवाई: नार्कोटिक दवाओं के रिकॉर्ड न मिलने पर दो मेडिकल स्टोर सील, लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति

Loading

वरिष्ठ ड्रग्स इंस्पेक्टर अनीता भारती के नेतृत्व में FDA की बड़ी कार्रवाई: नार्कोटिक दवाओं के रिकॉर्ड न मिलने पर दो मेडिकल स्टोर सील, लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति

tahalka1news

हरिद्वार। उत्तराखंड में चल रहे “सेफ ड्रग, सेफ लाइफ अभियान” के तहत फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने ज्वालापुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो औषधि विक्रेता फर्मों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए हैं। नार्कोटिक एवं मन प्रभावी दवाइयों के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेख उपलब्ध न कराने और गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर दोनों फर्मों के संचालन पर तत्काल रोक लगा दी गई है।

हरिद्वार वरिष्ठ ड्रग्स इंस्पेक्टर अनीता भारती ने बताया है कि अपर आयुक्त, फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन, उत्तराखंड, देहरादून से प्राप्त निर्देशों तथा उप औषधि नियंत्रक द्वारा गठित त्वरित कार्यवाही दल (QRT) के अनुपालन में ज्वालापुर क्षेत्र में संयुक्त औचक निरीक्षण किया गया। यह कार्रवाई कोडीन युक्त कफ सिरप एवं अन्य स्वापक (नार्कोटिक) और मन प्रभावी औषधियों की अवैध बिक्री की रोकथाम के उद्देश्य से की गई।

निरीक्षण के दौरान वैभव मेडिकोज, सराय रोड, ज्वालापुर तथा कुमार केमिस्ट, आर्यनगर, ज्वालापुर में भारी अनियमितताएं पाई गईं। दोनों फर्में नार्कोटिक दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने में असफल रहीं। नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए दोनों मेडिकल स्टोर के क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाकर उन्हें बंद करा दिया गया।
उन्होंने ने बताया है कि अपर आयुक्त के आदेशों के तहत इन फर्मों को जारी औषधि विक्रय लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भी की जाएगी। इसके अतिरिक्त निरीक्षण के दौरान 04 अन्य फर्मों को मौके पर ही कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

इस संयुक्त कार्रवाई में औषधि निरीक्षक हरीश सिंह, विनोद जगुड़ी, ऋषभ धामा, हार्दिक भट्ट एवं मेघा भी शामिल रहे।

FDA अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनहित और जनस्वास्थ्य की दृष्टि से इस प्रकार की प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। विभाग का उद्देश्य मादक एवं मन प्रभावी औषधियों की अवैध बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाना है।

प्रमुख खबरे