कलियर पुलिस ने तीन हथियारबंद बदमाश दबोचे, धनौरी में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम
![]()
कलियर पुलिस ने तीन हथियारबंद बदमाश दबोचे, धनौरी में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम
tahalka1news
कलियर। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कलियर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चेकिंग अभियान के दौरान तीन हथियारबंद बदमाशों को गिरफ्तार कर एक संभावित बड़ी वारदात को समय रहते टाल दिया। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध 12 बोर तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे धनौरी क्षेत्र में चोरी अथवा अन्य आपराधिक वारदात को अंजाम देने की नीयत से पहुंचे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशों के अनुपालन में कलियर थाना पुलिस लगातार संदिग्ध व्यक्तियों, अपराधियों तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चला रही है। इसी क्रम में दिनांक 18 जुलाई 2026 की शाम कलियर-धनौरी नहर पटरी मार्ग पर पुलिस टीम द्वारा संदिग्धों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान तीन संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके कब्जे से अवैध हथियार बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुष्यंत उर्फ सहदेव पुत्र ठाट सिंह निवासी ग्राम कितास, थाना रतनपुरी, जिला मुजफ्फरनगर (उ.प्र.), गुड्डू राणा पुत्र ज्ञानी निवासी ग्राम कितास तथा सूरज पुत्र रामकुमार निवासी फेस-1, केदारपुरम बेगमपुर, थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस ने दुष्यंत के कब्जे से एक 12 बोर तमंचा व दो जिंदा कारतूस, गुड्डू राणा के कब्जे से एक 12 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस तथा सूरज के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया। तीनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे धनौरी क्षेत्र में चोरी जैसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बनाकर आए थे और इसी उद्देश्य से अपने साथ अवैध हथियार लेकर घूम रहे थे। पुलिस अब तीनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले भी किसी संगठित आपराधिक गतिविधि में शामिल रहे हैं या नहीं।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल अमित कुमार, कांस्टेबल गणेश तोमर, कांस्टेबल विक्रम तथा कांस्टेबल परवेज अली की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं अवैध चाकू के साथ युवक गिरफ्तार
कलियर। जनपद हरिद्वार में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कलियर पुलिस ने एक और कार्रवाई करते हुए अवैध चाकू के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशानुसार थाना पिरान कलियर पुलिस लगातार संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी और सघन चेकिंग अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत 18 जुलाई 2026 की रात्रि में पुलिस टीम अब्दाल साहब रोड स्थित मकबरे के पास मैदान में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरिफ पुत्र जुल्फकार, निवासी ग्राम महमूदपुर, कोतवाली पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। अवैध हथियार रखने के आरोप में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसका किसी अन्य आपराधिक गतिविधि या गिरोह से संबंध तो नहीं है। यदि जांच में अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उनके आधार पर आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में हेड कांस्टेबल अनीश तथा हेड कांस्टेबल सुबोध कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

STF उत्तराखण्ड और ड्रग्स विभाग की बड़ी कार्रवाई: बाजपुर में नकली दवाइयों और अवैध शराब के सिंडिकेट का भंडाफोड़, लाखों टैबलेट, हजारों सिरप और भारी मात्रा में शराब बरामद
कलियर पुलिस ने तीन हथियारबंद बदमाश दबोचे, धनौरी में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम
भारत विकास परिषद ने बीडी इंटर कॉलेज में जगाई देशभक्ति की अलख, एकल गायन प्रतियोगिता
758वें सालाना उर्स की तैयारियां तेज, जेएम दीपक रामचंद्र सेठ ने पिरान कलियर मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण
राजकुमार गरीबी का ढोंग रचकर रेहड़ी ठेले पर रखकर बेच रहा था नशीले इंजेक्शन,पुलिस ने कोर कॉलेज के पास से किया गिरफ्तार