June 11, 2026 07:05:31 pm

दो साल बाद खुला ट्रैक्टर चोरी का राज, कलियर पुलिस ने तीन शातिर चोर दबोचे

Loading

दो साल बाद खुला ट्रैक्टर चोरी का राज, कलियर पुलिस ने तीन शातिर चोर दबोचे

कलियर-पंजाब से चोरी किए गए दो ट्रैक्टर बरामद

tahalka1news

कलियर। हरिद्वार पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत कोतवाली कलियर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के एक पुराने मामले का खुलासा करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो चोरी के ट्रैक्टर बरामद किए हैं। इनमें एक ट्रैक्टर वर्ष 2024 में कलियर क्षेत्र से चोरी किया गया था, जबकि दूसरा ट्रैक्टर करीब दो माह पूर्व पंजाब के नारायणगढ़-संगरूर क्षेत्र से चोरी किया गया था।

जानकारी के अनुसार 16 मई 2024 को मुकर्रबपुर निवासी शफ्फकत पुत्र सखावत ने अपने ट्रैक्टर संख्या UK-17R-7322 की चोरी की रिपोर्ट कोतवाली कलियर में दर्ज कराई थी। मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई, लेकिन लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिलने पर विवेचना की अंतिम रिपोर्ट न्यायालय भेज दी गई थी। इसके बावजूद कलियर पुलिस लगातार मामले की पड़ताल में जुटी रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कलियर पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर दरियापुर मोड़ पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने अजय कुमार, अभिषेक कुमार और अंकुश को दो चोरी के ट्रैक्टरों के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने साथी हैप्पी निवासी खजूरी, देवबंद के साथ मिलकर वर्ष 2024 में कलियर से महिंद्रा ट्रैक्टर चोरी किया था। साथ ही उन्होंने पंजाब से स्वराज कंपनी का ट्रैक्टर चोरी करने की बात भी स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद ट्रैक्टरों की नंबर प्लेट हटाकर उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में मिट्टी ढुलाई और मजदूरी के कार्यों में इस्तेमाल किया जाता था, जिससे पुलिस की नजर से बचा जा सके।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय कुमार पुत्र चंद्रपाल निवासी लिब्बरहेड़ी, अभिषेक कुमार पुत्र पुरुषोत्तम निवासी भलसुआ गाज तथा अंकुश पुत्र हंसराज निवासी फखरहेड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब साढ़े पांच लाख रुपये मूल्य के दो ट्रैक्टर बरामद किए हैं। मामले में फरार चौथे आरोपी हैप्पी की तलाश जारी है।

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी पुलिस उपाधीक्षक दिव्येश उपाध्याय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट, उपनिरीक्षक विनोद कुमार गोला तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

प्रमुख खबरे