May 14, 2026 05:58:21 pm

नशा मुक्ति केन्द्र में युवक की हत्या का खुलासा, 15 वर्षीय नाबालिग संरक्षण में

Loading

नशा मुक्ति केन्द्र में युवक की हत्या का खुलासा, 15 वर्षीय नाबालिग संरक्षण में

tahalka1news

कलियर । रुड़की के ढण्डेरी ख्वाजगीपुर स्थित अनमोल जीवन समिति नशा मुक्ति केन्द्र में हुई युवक आशीष की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक 15 वर्षीय नाबालिग को संरक्षण में लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक द्वारा लगातार गाली-गलौज और धमकाने से परेशान होकर नाबालिग ने स्टील के नुकीले टुकड़े से हमला कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

घटना 13 मई 2026 की है, जब कोतवाली रुड़की पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि नशा मुक्ति केन्द्र में एक युवक खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर युवक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले और आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर घटनास्थल को सुरक्षित कर फील्ड यूनिट टीम को बुलाया गया। एसपी ग्रामीण और सीओ रुड़की ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस ने केन्द्र में मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ की, जिसमें पता चला कि हत्या केन्द्र में रह रहे एक 15 वर्षीय नाबालिग द्वारा की गई है।

पूछताछ में सामने आया कि मृतक आशीष अक्सर नाबालिग के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करता था और मारपीट की धमकी देता था। इसी विवाद के चलते नाबालिग ने गुस्से में आकर स्टील के नुकीले टुकड़े से हमला कर दिया, जिससे आशीष की मौत हो गई।

प्रकरण में वादी नवीन गौतम निवासी बसेड़ी खादर, कोतवाली लक्सर की तहरीर के आधार पर कोतवाली रुड़की में मुकदमा अपराध संख्या 202/2026 धारा 103/3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी नाबालिग को नियमानुसार पुलिस संरक्षण में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

बरामदगी:

आलाकत्ल एक स्टील का नुकीला टुकड़ा

एक मफलर

नाबालिग के कपड़े

पुलिस टीम:

प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट

वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र राठी

उपनिरीक्षक नवीन चौहान

अपर उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह राठी

हेड कांस्टेबल दिनेश गुप्ता

हेड कांस्टेबल नूर मलिक

कांस्टेबल लईक अहमद

प्रमुख खबरे