June 2, 2026 02:20:02 am

वरिष्ठ पत्रकार राव शाहनवाज खां को नम आंखों से श्रद्धांजलि, बोले साथी—सच की कलम कभी झुकी नहीं

Loading

वरिष्ठ पत्रकार राव शाहनवाज खां को नम आंखों से श्रद्धांजलि, बोले साथी—सच की कलम कभी झुकी नहीं

tahalka1news

रुड़की। नगर के वरिष्ठ और जुझारू पत्रकार राव शाहनवाज खां के निधन पर पत्रकारों एवं गणमान्यजनों ने गहरे शोक के साथ श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नम आंखों से उन्हें खिराज-ए-अकीदत पेश की और उनके साथ बिताए गए पलों को याद करते हुए भावुक हो उठे।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि मरहूम राव शाहनवाज खां केवल एक पत्रकार नहीं थे, बल्कि हक़ और इंसाफ़ की लड़ाई लड़ने वाले एक निर्भीक योद्धा थे। उनकी कलम ने हमेशा सच का साथ दिया और कभी किसी दबाव के आगे झुकी नहीं। वे पत्रकारिता को महज़ पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी मानते थे।
सभा में मौजूद वरिष्ठ पत्रकारों ने कहा कि राव शाहनवाज खां इंसानियत का पैगाम देने वाले शख्स थे। उनका व्यवहार सरल, स्वाभाविक और सबको साथ लेकर चलने वाला था। वे नई पीढ़ी के पत्रकारों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते रहते थे और हमेशा कहते थे कि जब किसी खबर के सभी तथ्य मजबूत हों, तो सवाल पूछने से कभी पीछे नहीं हटना चाहिए।
राव शाहनवाज खां को कानून की गहरी समझ थी। अपनी बेबाक लेखनी के जरिए वे अन्याय, भ्रष्टाचार और लापरवाह व्यवस्था के खिलाफ डटकर खड़े रहते थे। कई बार उनकी कलम भ्रष्ट अधिकारियों के लिए आईना साबित हुई। वे साफ कहा करते थे कि पत्रकार को चारों ओर बारीकी से नजर रखनी चाहिए और जो सच लिख दिया जाए, उस पर अटल रहना चाहिए।
श्रद्धांजलि सभा में वरिष्ठ पत्रकार सुभाष सैनी, तपन सुशील, संदीप तोमर सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे। राव शाहनवाज खां के साथ बिताए पलों को याद करते हुए कई वक्ताओं की आवाज भर्रा गई। सभी ने एक स्वर में कहा कि उनका जाना पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि राव शाहनवाज खां का कलियर से विशेष लगाव था। वहां की मिट्टी, वहां के लोग और उनकी समस्याएं उनके दिल के बेहद करीब थीं। वे आखिरी सांस तक आम आदमी की आवाज बने रहे।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित पत्रकारों ने कहा कि राव शाहनवाज खां का जाना केवल एक व्यक्ति का जाना नहीं, बल्कि उस दौर का अंत है, जब पत्रकार बेखौफ होकर सच लिखा करते थे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे और सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

प्रमुख खबरे