February 4, 2026 09:33:36 am

एल्टीमेटम::दरगाह क्षेत्र में मिलावटी और नशीली सामग्री पर सख़्ती, सीईओ मोहम्मद आरिफ का अल्टीमेटम — वर्ना एक हफ्ते बाद होगी कड़ी कार्रवाई

Loading

दरगाह क्षेत्र में मिलावटी और नशीली सामग्री पर सख़्ती, सीईओ मोहम्मद आरिफ का अल्टीमेटम — वर्ना एक हफ्ते बाद होगी कड़ी कार्रवाई

tahalka1news

कलियर । कलियर दरगाह क्षेत्र में आने वाले जायरीनों, स्थानीय नागरिकों एवं बाहरी राज्यों से पहुँचे अकीदतमंदों की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए दरगाह प्रशासन ने सख़्त रुख अपनाया है। दरगाह के मुख्य कार्यपालक अधिकारी मोहम्मद आरिफ ने क्षेत्र के दुकानदारों, होटल संचालकों एवं मेडिकल स्टोर संचालकों को स्पष्ट चेतावनी जारी करते हुए एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है।
प्राप्त शिकायतों के अनुसार दरगाह क्षेत्र में खाद्य सामग्री में खुलेआम मिलावट की जा रही है। कई होटलों में परोसा जा रहा भोजन गुणवत्ता के मानकों पर खरा नहीं उतर रहा, जिससे श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके साथ ही कुछ मेडिकल स्टोरों द्वारा नशीली व प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री किए जाने के गंभीर आरोप भी सामने आए हैं।
इन आरोपों को देखते हुए दरगाह प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि सभी दुकानदार और होटल संचालक खाद्य सामग्री की शुद्धता एवं भोजन की गुणवत्ता तत्काल सुनिश्चित करें। वहीं मेडिकल स्टोर संचालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे किसी भी प्रकार की नशीली अथवा प्रतिबंधित दवाओं का भंडारण और बिक्री तुरंत बंद करें।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी मोहम्मद आरिफ ने साफ शब्दों में कहा है कि एक सप्ताह के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान यदि कोई दुकानदार मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचते या कोई मेडिकल स्टोर संचालक प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री करते पाया गया, तो उसके विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम, आईपीसी की धारा 272 व 273 सहित दरगाह प्रशासन के नियमों के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


प्रशासन ने दो टूक कहा है कि दरगाह क्षेत्र की पवित्रता, श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और उनके विश्वास से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी व्यापारियों को निर्देशित किया गया है कि वे नियमों का पूर्ण पालन करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

प्रमुख खबरे