July 7, 2026 12:33:01 am

बड़ी सफलता: पंजाब का नशा तस्कर 2 करोड़ की 980 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार

Loading

बड़ी सफलता: पंजाब का नशा तस्कर 2 करोड़ की 980 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार

EON कार में पंजाब से उत्तराखंड पहुंचा था तस्कर,पुलिस ने कि नशे के नेटवर्क की जांच शुरू

tahalka1news

रुड़की । उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने की दिशा में हरिद्वार पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने पंजाब के एक अंतरराज्यीय नशा तस्कर को करीब 980 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग दो करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

पुलिस के अनुसार, जिले में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच के दौरान पुलिस टीम की नजर सड़क किनारे खड़ी एक EON कार पर पड़ी। कार में बैठा व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गया, जिस पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 980 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान तरण तारण (पंजाब) निवासी के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वह हेरोइन की बड़ी खेप लेकर उत्तराखंड में इसकी सप्लाई करने आया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह खेप किसे देने आया था और उसके संपर्क किन-किन राज्यों तक फैले हुए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने स्पष्ट कहा कि हरिद्वार में नशा तस्करों के लिए कोई जगह नहीं है। युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वाले तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने पुलिस टीम को निर्देश दिए हैं कि गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ कर उसके पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाए, ताकि नशे के कारोबार से जुड़े अन्य तस्करों पर भी प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद हेरोइन की कीमत लगभग ₹2 करोड़ है, जो इस वर्ष की बड़ी बरामदगियों में से एक मानी जा रही है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही पुलिस पंजाब और अन्य राज्यों की एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर पूरे गिरोह की जांच में जुट गई है।

हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाया जा रहा नशा विरोधी अभियान लगातार अपराधियों पर भारी पड़ रहा है। बीते कुछ महीनों में स्मैक, चरस, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की कई बड़ी खेप बरामद की जा चुकी हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान पूरी ताकत से जारी रहेगा।

प्रमुख खबरे