June 21, 2026 04:47:42 pm

रामनगर पुलिस की बड़ी सफलता: ₹20 हजार का इनामी अपराधी विशाल पासवान अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार

Loading

रामनगर पुलिस की बड़ी सफलता: ₹20 हजार का इनामी अपराधी विशाल पासवान अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार

एसएचओ सुशील कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई फायरिंग मामले का वांछित इनामी बदमाश और उसका साथी लगातार चल रहे थे फरार

tahalka1news
रिपोर्ट-सलीम अहमद रामनगर

रामनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ₹20 हजार के इनामी अपराधी विशाल पासवान को उसके एक साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, 27 मई 2026 को रामनगर निवासी सुभाष द्वारा कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि कुछ लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 164/26 धारा 115(2), 351(3), 352 एवं 109 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

मुकदमे में नामजद आरोपी विशाल पासवान पुत्र उमेश पासवान निवासी टांडा मल्लू, रामनगर घटना के बाद से फरार चल रहा था। लगातार गिरफ्तारी से बचने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा उस पर ₹20 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

फरार इनामी अपराधी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।

इसी क्रम में मुखबिर से प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चोरपानी क्षेत्र के खाली मैदान में दबिश देकर इनामी आरोपी विशाल पासवान को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा बरामद हुआ। वहीं कार्रवाई के दौरान उसके साथ मौजूद अनुज रावत पुत्र मोहन सिंह रावत निवासी ग्राम बसई, पीरूमदारा, रामनगर को भी एक अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत भी अलग से कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध एवं अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में शामिल रहे—

सुशील कुमार, प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) रामनगर

उपनिरीक्षक गणेश जोशी

कांस्टेबल विक्रम कुमार

कांस्टेबल विजेन्द्र सिंह

कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह

कांस्टेबल गगन भण्डारी

कांस्टेबल महबूब आलम

एसओजी कांस्टेबल भूपेन्द्र जेष्ठा

एसओजी कांस्टेबल भानु प्रताप ओली

रामनगर पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहा इनामी अपराधी आखिरकार सलाखों के पीछे पहुंच गया।

प्रमुख खबरे