प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर के नेतृत्व में भाजपा पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ से हो रही है पूछताछ
![]()
प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर के नेतृत्व में भाजपा पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ से हो रही है पूछताछ
सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो-वीडियो पड़े भारी, पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौड़ की अंकिता भंडारी प्रकरण में हुई थी गिरफ्तारी
tahalka1news
देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड की राजनीति में सोमवार देर शाम उस समय हलचल मच गई जब डालनवाला पुलिस ने हरिद्वार जनपद के बुग्गावाला क्षेत्र से पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम उन्हें हिरासत में लेकर देहरादून पहुंची, जहां देर रात तक उनसे पूछताछ की गई। गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली डालनवाला के प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ को उनके क्षेत्र से हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें सीधे देहरादून लाया गया, जहां उनसे दर्ज मामलों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े उन मामलों के क्रम में की गई है, जिनमें सुरेश राठौड़ और सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज किए गए थे। हरिद्वार के झबरेड़ा, बहादराबाद तथा देहरादून के नेहरू कॉलोनी और डालनवाला थानों में दर्ज शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि दोनों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसे ऑडियो और वीडियो प्रसारित किए, जिनमें कुछ भाजपा नेताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां और उनकी छवि धूमिल करने वाली सामग्री साझा की गई।
इन ऑडियो और वीडियो के वायरल होने के बाद मामला लगातार सुर्खियों में बना रहा। शिकायतकर्ताओं ने इसे भ्रामक और मानहानिकारक बताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। इसी आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की थी।
गौरतलब है कि हाल ही में उत्तराखंड हाईकोर्ट ने सुरेश राठौड़ के खिलाफ दर्ज चार एफआईआर में से दो को निरस्त कर दिया था, जबकि शेष दो मामलों में जांच जारी रखने की अनुमति प्रदान की थी। अदालत के इसी आदेश के बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई आगे बढ़ाई और अब गिरफ्तारी की कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।
सुरेश राठौड़ पहले भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे हैं और ज्वालापुर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। हालांकि विवादों के बाद पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया था। दूसरी ओर अभिनेत्री उर्मिला सनावर द्वारा जारी किए गए कथित ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद पूरा मामला राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया था। उर्मिला सनावर का दावा था कि उनके द्वारा जारी सामग्री अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों पर आधारित थी।
इस मामले में पुलिस और एसआईटी पहले भी उर्मिला सनावर से कई दौर की पूछताछ कर चुकी है। जांच एजेंसियों द्वारा सुरेश राठौड़ और उर्मिला दोनों को नोटिस जारी किए गए थे। बाद में कुछ मामलों में उन्हें न्यायालय से राहत भी मिली थी, लेकिन शेष मामलों में जांच लगातार जारी रही।
फिलहाल पूर्व विधायक की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटनाक्रम ने एक बार फिर अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े विवादों और राजनीतिक बहसों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर के नेतृत्व में भाजपा पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ से हो रही है पूछताछ
जियारत के लिए आईं परिवार से पिछड़ गई 4 वर्षीय माफिया बानो, कलियर पुलिस की सतर्कता से मां की गोद में लौटी मुस्कान
SSP हरिद्वार के निर्देश पर नशे के खिलाफ सख्त अभियान, लाखों रुपये के गांजे की खेप बरामद, आरोपी नशा तस्कर गिरफ्तार
फर्जी शस्त्र लाइसेंस रैकेट पर STF का बड़ा प्रहार, काशीपुर के कारोबारी समेत दो गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद
बड़ी सफलता: 7 माह के मासूम का अपहरण कर भीख मंगवाने की साजिश नाकाम, 4 दिन में कलियर पुलिस ने किया सकुशल बरामद