June 15, 2026 12:32:09 am

जियारत के लिए आईं परिवार से पिछड़ गई 4 वर्षीय माफिया बानो, कलियर पुलिस की सतर्कता से मां की गोद में लौटी मुस्कान

Loading

जियारत के लिए आईं परिवार से पिछड़ गई 4 वर्षीय माफिया बानो, कलियर पुलिस की सतर्कता से मां की गोद में लौटी मुस्कान

कलियर पुलिस की तत्परता से परिजनों से मिली बिछड़ी 4 वर्षीय मासूम, परिवार ने जताया आभार

tahalka1news

पिरान कलियर। धार्मिक नगरी पिरान कलियर शरीफ में दरगाह पर जियारत के लिए आने वाले जायरीनों की भारी भीड़ के बीच सोमवार को एक चार वर्षीय मासूम बच्ची अपने परिजनों से बिछड़ गई। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में अचानक बच्ची के लापता होने से परिजनों में हड़कंप मच गया और परिवार के लोग उसे तलाशने के लिए इधर-उधर भटकने लगे। मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की और कुछ ही समय में बच्ची को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर के ग्राम तालगांव निवासी एक महिला अपने परिवार के साथ दरगाह साबिर पाक में जियारत करने के लिए पिरान कलियर आई हुई थी। इसी दौरान दरगाह क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ होने के कारण उनकी चार वर्षीय पुत्री माफिया बानो अचानक उनसे बिछड़ गई। बच्ची के नहीं मिलने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने कोतवाली पिरान कलियर पहुंचकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

सूचना मिलते ही कलियर पुलिस हरकत में आ गई। कोतवाली पुलिस ने तत्काल क्षेत्र में तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्क करते हुए बच्ची की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पीपल चौक के पास ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को एक छोटी बच्ची रोते हुए और लावारिस अवस्था में मिली। बच्ची की उम्र लगभग चार वर्ष थी और वह अपना नाम व पता बताने में असमर्थ थी। पुलिस कर्मियों ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर उसके परिजनों को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

बालिका की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस टीम उसे अपने साथ कोतवाली ले आई और उसकी देखभाल करते हुए परिजनों की तलाश जारी रखी। कुछ समय बाद कोतवाली पहुंची महिला ने बच्ची को पहचान लिया और बताया कि उसका नाम माफिया बानो पुत्री मुजीब अहमद, उम्र 4 वर्ष है, जो भीड़ के दौरान उनसे बिछड़ गई थी। आवश्यक सत्यापन और तस्दीक के बाद पुलिस ने बच्ची को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखों में खुशी और राहत साफ दिखाई दी। परिवार ने कलियर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मानवीय संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। वहीं पुलिस ने परिजनों को भविष्य में भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बच्चों का विशेष ध्यान रखने और सतर्क रहने की हिदायत दी, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

इस सराहनीय कार्यवाही में उपनिरीक्षक विशाखा राठौर, हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी, हेड कांस्टेबल जमशेद अली, लेडी कांस्टेबल सोफिया अंसारी तथा होमगार्ड अंकित कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस तत्परता ने एक बार फिर साबित किया कि आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस हर समय मुस्तैद है।

प्रमुख खबरे