June 3, 2026 04:05:38 am

कलियर और धनौरी में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माण हटाए

Loading

कलियर और धनौरी में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, तहसील प्रशासन व सिंचाई विभाग की संयुक्त कार्रवाई

tahalka1news

कलियर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में बुधवार को कलियर और धनौरी क्षेत्र में बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जेएम रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ के निर्देशन में तहसील प्रशासन एवं उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सरकारी भूमि, नालों और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण को बुलडोजर की सहायता से हटाया।
तहसीलदार रुड़की विकास अवस्थी एवं सिंचाई विभाग के एसडीओ अनुज बंसल के नेतृत्व में शुरू हुए अभियान के दौरान पिरान कलियर क्षेत्र में दोनों गंग नहरों के बीच स्थित पटरी, नवनिर्माणाधीन कोतवाली परिसर के आसपास के क्षेत्र तथा धनौरी-रुड़की मार्ग पर स्थित जोगी झोपड़ियों को हटाया गया। इसके साथ ही कोतवाली के समीप बनी पक्की दुकानों पर भी बुलडोजर चलाया गया तथा सड़क किनारे अतिक्रमण कर लगाए गए ठेले और अस्थायी दुकानों को हटाया गया।
अभियान के दूसरे चरण में टीम धनौरी पहुंची, जहां सड़क किनारे स्थापित अवैध दुकानों को ध्वस्त किया गया। लंबे समय से नालों पर किए गए कब्जों को हटाकर जल निकासी व्यवस्था को भी सुचारू बनाया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताने का प्रयास किया, लेकिन प्रशासनिक टीम ने सख्ती बरतते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी।
मनमानी करने वाले कुछ दुकानदारों का सामान भी जब्त किया गया और सभी अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा सरकारी भूमि पर कब्जा न करने की चेतावनी दी गई। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों में पूरे दिन हड़कंप का माहौल बना रहा।

अभियान के दौरान कोतवाली पिरान कलियर प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी सहित तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग एवं पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रमुख खबरे