April 28, 2026 07:38:26 pm

किशनपुर जमालपुर में तीन दिवसीय विकास एवं सांस्कृतिक मेले का भव्य समापन,ग्रामीण विकास की मिसाल बनी ग्राम पंचायत

Loading

किशनपुर जमालपुर में तीन दिवसीय विकास एवं सांस्कृतिक मेले का भव्य समापन,ग्रामीण विकास की मिसाल बनी ग्राम पंचायत

tahalka1news

रुड़की। ग्राम पंचायत किशनपुर जमालपुर में स्थापना दिवस और पंचायत राज दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय विकास एवं सांस्कृतिक मेले का भव्य समापन समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जॉइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचन्द्रन शेट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और गांवों के समग्र विकास से ही देश की वास्तविक प्रगति संभव है।

उन्होंने ग्राम पंचायत किशनपुर जमालपुर में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य, स्वच्छता, सड़क निर्माण और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयास अनुकरणीय हैं।

साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की स्वरोजगार योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान परवीन बानो तहसीन द्वारा 500 से अधिक विधवाओं, बुजुर्ग महिलाओं एवं पुरुषों को सूट और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित राज्य मंत्री एवं पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल तथा फोनिक्स के चेयरमैन एवं युवा समाजसेवी चैरब जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रहे नारी वंदन अभियान को ग्राम पंचायत ने जमीनी स्तर पर सफल बनाकर एक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

इस अवसर पर सीओ मंगलौर अभिनय चौधरी और अंतरराष्ट्रीय शायर अफ़ज़ल मंगलोरी ने स्वास्थ्य कर्मियों तथा हाई स्कूल व इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम के संयोजक पत्रकार मोहम्मद तहसीन ने बताया कि ग्राम सभा में सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं। इनमें विशाल खेल मैदान का निर्माण, निःशुल्क एंबुलेंस सेवा, पंचायत भवन, स्वास्थ्य केंद्र में मूलभूत सुविधाएं तथा सड़क, बिजली और पानी की समस्याओं का समाधान शामिल है।

तीन दिवसीय मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। मुंबई से आईं गायिका दीपा साहनी, ममता कुमारी, मेहविश और नजराना सलमानी ने देशभक्ति और रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन शायर अफ़ज़ल मंगलोरी ने किया।
समारोह के अंत में ग्राम प्रधान परवीन बानो ने सभी अतिथियों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर तोषीन, राहत, शैलेन्द्र चेयरमैन, दानिश अली, डॉ. सुरेश सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने भी ऑनलाइन माध्यम से मेले के सफल आयोजन पर शुभकामनाएं दीं।

प्रमुख खबरे