July 8, 2026 12:32:07 am

हज यात्रा-2027 के लिए आवेदन की प्रक्रिया जारी, 20 जुलाई अंतिम तिथि; समय रहते करे आवेदन ,हज समिति अध्यक्ष खतीब अहमद

Loading

हज-2027 के लिए आवेदन की प्रक्रिया जारी, 20 जुलाई अंतिम तिथि; उत्तराखण्ड राज्य हज समिति अध्यक्ष खतीब अहमद ने की समय रहते आवेदन

tahalka1news

कलियर। हज-2027 की पवित्र यात्रा पर जाने के इच्छुक लोगों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा 22 जून 2026 से हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसकी अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इस वर्ष आवेदन की समय सीमा बढ़ाए जाने की संभावना नहीं है, इसलिए सभी इच्छुक आवेदकों से निर्धारित समय के भीतर आवेदन करने की अपील की गई है।

उत्तराखण्ड राज्य हज समिति के माननीय अध्यक्ष श्री खतीब अहमद ने प्रदेश के सभी संभावित हज यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें, बल्कि समय रहते ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि हज यात्रा हर मुसलमान की एक महत्वपूर्ण धार्मिक इच्छा होती है और आवेदन में देरी के कारण कोई भी व्यक्ति इस अवसर से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा जारी हज-2027 गाइडलाइन के अनुसार सभी आवेदकों को आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखने चाहिए और निर्धारित नियमों का पालन करते हुए ऑनलाइन आवेदन करना चाहिए। आवेदन केवल हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर ही स्वीकार किए जाएंगे।

श्री खतीब अहमद ने कहा कि जिन लोगों को ऑनलाइन आवेदन करने में किसी प्रकार की कठिनाई हो रही हो, वे अपने निकटतम अधिकृत हज सेवा केंद्र या उत्तराखण्ड राज्य हज समिति से संपर्क कर आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अधूरे या गलत भरे गए आवेदन भविष्य में परेशानी का कारण बन सकते हैं, इसलिए सभी जानकारी सावधानीपूर्वक भरना आवश्यक है।

उन्होंने प्रदेश के सभी उलेमा, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को समय पर आवेदन करने के लिए जागरूक करें ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अंतिम तिथि निकल जाने के कारण आवेदन करने से वंचित न रह जाए।

गौरतलब है कि हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा 22 जून 2026 से 20 जुलाई 2026 तक आवेदन की अवधि निर्धारित की गई है। इच्छुक आवेदकों को अंतिम तिथि से पहले हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट www.hajcommittee.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। समय सीमा समाप्त होने के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसलिए हज-2027 की यात्रा का इरादा रखने वाले सभी लोग बिना किसी विलंब के अपनी आवेदन प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी कर लें।

प्रमुख खबरे