June 30, 2026 01:04:18 am

नशीली दवाइयों के बड़े नेटवर्क पर कसा शिकंजा, इस्लाम और सद्दाम गिरफ्तार

Loading

पुलिस द्वारा नशीली दवाइयों के बड़े नेटवर्क पर कसा शिकंजा, इस्लाम और सद्दाम गिरफ्तार

बलिनो कार में भरकर ले जा रहे थे 1680 नशीले कैप्सूल-टैबलेट,पुलिस की सतर्कता से नाकाम हुई तस्करी

tahalka1news

हरिद्वार। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन प्रहार-2026’ के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के अंतर्गत बहादराबाद पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नशीली दवाइयों की तस्करी में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 480 नशीले कैप्सूल, 1200 नशीली गोलियां तथा तस्करी में प्रयुक्त बलिनो कार (UP11CY5848) बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बहादराबाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम क्षेत्र में लगातार गश्त और सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान 29 जून 2026 को पीपल चौक से आगे नहर पटरी रोड पर संदिग्ध बलिनो कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बरामद हुईं, जिसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस्लाम पुत्र शादी (33 वर्ष) एवं सद्दाम पुत्र रियाज (22 वर्ष) निवासी ग्राम गढ़, कोतवाली रानीपुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनका सिडकुल क्षेत्र में मेडिकल स्टोर है। उन्होंने स्वीकार किया कि सिडकुल क्षेत्र में मजदूरों के बीच नशीली दवाइयों की मांग अधिक होने के कारण अधिक मुनाफे के लालच में वे इन दवाइयों की अवैध बिक्री करने लगे थे।

बरामदगी में PROXIOHM-SPAS ब्रांड के 480 कैप्सूल, जिनमें Tramadol Hydrochloride युक्त दवा शामिल है, तथा Alprazolam 0.5 mg की 1200 टैबलेट बरामद की गईं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बलिनो कार को भी सीज कर दिया है।

इस मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इन नशीली दवाइयों की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इनका नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है।

बहादराबाद पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऑपरेशन प्रहार-2026 के तहत नशीले पदार्थों और अवैध दवाइयों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।

प्रमुख खबरे