July 12, 2026 03:46:14 am

भारत विकास परिषद के 64वें स्थापना दिवस पर संस्कारों की अलख, समाजसेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियां सम्मानित

Loading

भारत विकास परिषद के 64वें स्थापना दिवस पर संस्कारों की अलख, समाजसेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियां सम्मानित

‘संस्कार ही मजबूत समाज की नींव’ भारत विकास परिषद के स्थापना दिवस समारोह में बोले कुलपति डॉ. रमाकांत पांडे

tahalka1news

भगवानपुर/रुड़की। भारत विकास परिषद के 64वें स्थापना दिवस के अवसर पर होटल दीप रेजीडेंसी, रुड़की में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षा, चिकित्सा, समाजसेवा और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारियों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों और विभिन्न क्षेत्रों की गणमान्य हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह के मुख्य अतिथि हरिद्वार संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. रमाकांत पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण में संस्कारों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक समय में नई पीढ़ी में संस्कारों का अभाव बढ़ता जा रहा है, जिसके कारण पारिवारिक मूल्यों और आपसी सम्मान में कमी देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि बच्चे संयुक्त परिवार से दूर रहना पसंद कर रहे हैं, ऐसे समय में भारत विकास परिषद जैसे संगठन समाज में संस्कार, सेवा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।

परिषद के राष्ट्रीय सह-संयोजक (प्रकाशन) डॉ. तरुण शर्मा ने कहा कि भारत विकास परिषद अपने स्थापना के 64वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है और देशभर में निरंतर सेवा कार्यों का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि परिषद के साथ लगातार समाजहित में कार्य करने वाले लोग जुड़ रहे हैं तथा उत्तराखंड पश्चिम प्रांत की सभी शाखाएं सेवा, संस्कार और संगठन के उद्देश्य को मजबूती से आगे बढ़ा रही हैं।

एनसीआर-1 के क्षेत्रीय अध्यक्ष सीए प्रवीण गर्ग ने परिषद के संस्थापक डॉ. सूरज प्रकाश के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लगभग 63 वर्ष पूर्व उन्होंने समाज सेवा और संस्कार निर्माण का जो बीड़ा उठाया था, वह आज विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में परिषद के देशभर में 10 क्षेत्र, 80 प्रांत, 2000 से अधिक शाखाएं तथा 85 हजार से अधिक सदस्य और स्वयंसेवक समाज सेवा के विभिन्न कार्यों में सक्रिय हैं।

उत्तराखंड पश्चिम प्रांत की अध्यक्ष डॉ. (श्रीमती) मनीषा सिंघल ने बताया कि हरिद्वार जनपद में परिषद की दो नई शाखाओं का गठन किया गया है, जिससे संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रांत क्षेत्र में अब तक 31 विकास मित्र तैयार किए जा चुके हैं, जो समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।

परिषद के क्षेत्रीय संयोजक डॉ. सत्येंद्र मित्तल ने बताया कि दिवंगत माता-पिता की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से पुरस्कार वितरण कार्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं। इसी क्रम में इस वर्ष चिकित्सा और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वालों में एम्स के कैंसर विशेषज्ञ डॉ. नवीन गुप्ता, सर गंगाराम अस्पताल के डॉ. चिंतामणि, गुरु राम राय मेडिकल कॉलेज, देहरादून के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. तनुज भाटिया, समाजसेवी शेखर महाजन तथा प्रशांत अग्रवाल सहित कई विशिष्ट हस्तियां शामिल रहीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखंड पश्चिम प्रांत की अध्यक्ष डॉ. (श्रीमती) मनीषा सिंघल ने की, जबकि कार्यक्रम का सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन प्रांतीय महासचिव संजय गर्ग ने किया। इस अवसर पर देहरादून कैंट विधायक सविता कपूर ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों एवं सम्मानित व्यक्तियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यों की सराहना की।

समारोह में क्षेत्रीय दायित्वधारी जगदीश पालीवाल, श्रीमती निशा अग्रवाल, डॉ. संगीता सिंह, प्रीति अग्रवाल, श्रीमती मीनाक्षी शर्मा, श्रीमती शोभा सिंह, श्रीमती रश्मि चौहान, निखिल वर्मा, ललित पांडे, डॉ. राजीव गोयल, जिला संयोजक एल.एम. शर्मा, पुष्पराज चौहान, रजनीश सैनी, कल्पना सैनी, निधि सहित बड़ी संख्या में परिषद के पदाधिकारी, सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण, संस्कार संवर्धन और समाज सेवा के संकल्प के साथ हुआ। वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत विकास परिषद भविष्य में भी सेवा, संस्कार, सहयोग और समर्पण की भावना के साथ समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

प्रमुख खबरे