July 3, 2026 12:31:07 am

कांवड़ मेले की तैयारियों में जुटी हरिद्वार पुलिस,एसपी देहात द्वारा अधिकारियों के साथ बनाई व्यापक रणनीति

Loading

कांवड़ मेले की तैयारियों में जुटी हरिद्वार पुलिस,एसपी देहात द्वारा अधिकारियों के साथ बनाई व्यापक रणनीति

कांवड़ यात्रा 2026 को सुरक्षा ट्रैफिक और व्यवस्थाओं को लेकर होटल सत्यापन से लेकर सीसीटीवी व एंबुलेंस तक दिए निर्देश

tahalka1news

रुड़की। आगामी कांवड़ मेले-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल की अध्यक्षता में रुड़की में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कांवड़ मेले से जुड़े सुरक्षा प्रबंध, ट्रैफिक व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, आपदा प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में क्षेत्राधिकारी रुड़की ओशिन जोशी, क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पाणेडे, कोतवाली पिरान कलियर प्रभारी निरीक्षक दिग्वेश उपाध्याय, कोतवाली रुड़की प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट, झबरेड़ा प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह, मंगलौर प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह महर, खानपुर प्रभारी निरीक्षक गोविंद कुमार, यातायात निरीक्षक राजेंद्र नाथ, पथरी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, गंगनहर वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार, बुग्गावाला वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुनील रमोला, लक्सर वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान तथा दूरसंचार शाखा के उपनिरीक्षक सुभाष कुमार सहित विभिन्न पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में एसपी देहात ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में एसपीओ (स्पेशल पुलिस ऑफिसर) की बैठक आयोजित कर उनकी भूमिका का मूल्यांकन करें। आवश्यकता पड़ने पर पुराने एसपीओ को हटाकर नए लोगों को शामिल करने की प्रक्रिया समय रहते पूरी की जाए। साथ ही औद्योगिक इकाइयों से सीएसआर के माध्यम से पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग सहित अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।

यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई। डायवर्जन प्वाइंटों पर अतिरिक्त बैकअप पुलिस टीम रखने, नगला इमरती सहित संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पीएसी तैनात करने तथा क्षतिग्रस्त रोड डिवाइडरों की मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों से ऐसे अनुभवी कर्मचारियों की सूची भी मांगी गई जिन्होंने पूर्व कांवड़ यात्राओं में उत्कृष्ट कार्य किया था, ताकि उन्हें दोबारा महत्वपूर्ण ड्यूटी पर लगाया जा सके।

एसपी देहात ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में कर्मचारियों का सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए तथा इसके लिए रजिस्टर रखे जाएं, जिसमें प्रत्येक कर्मचारी का पूरा विवरण दर्ज हो। कांवड़ ड्यूटी में आने वाले पीएसी, पैरामिलिट्री और अन्य पुलिस बलों के ठहरने, भोजन और मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिक्रमण हटाने, अधिक से अधिक दिशा-सूचक साइन बोर्ड और फ्लेक्स लगाने, भगवानपुर क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने तथा खानपुर क्षेत्र के बालावाली, दल्लावाला और खानपुर तिराहे पर एंबुलेंस तैनात करने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। लक्सर क्षेत्र में कुंवाखेड़ा मार्ग को दोपहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा पुलिस अधिकारियों ने सुझाव दिया कि लंढौरा और डोसनी फाटक के बीच अतिरिक्त हाईट गेज लगाया जाए, जनपद सीमा के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की जाए, हाईवे कट बंद करने के लिए सीमेंट बैरियर लगाए जाएं तथा कांवड़ पटरी पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और पेड़ों की छंटाई समय से कराई जाए। जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर जिला आपदा प्रबंधन विभाग एवं एनएचएआई के साथ समन्वय स्थापित करने तथा जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं वहां नए कैमरे लगाने की कार्यवाही भी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कांवड़ क्षेत्र में भंडारे लगाने वाली संस्थाओं एवं व्यक्तियों को 20 जुलाई 2026 से पहले अनुमति लेना अनिवार्य होगा। इसके बाद नए भंडारों की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर सूक्ष्म स्तर तक व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और कानून व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए। धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन किया गया।

प्रमुख खबरे